Move to Jagran APP

Jharkhand Lok Sabha Election 2019: झारखंड की 4सीटों पर 64% वोटिंग

Jharkhand Lok Sabha Election 2019. रांची खूंटी कोडरमा व हजारीबाग में वोटरों में जबर्दस्‍त उत्‍साह दिखा। शाम चार बजे तक करीब 64 फीसद वोटरों ने मतदान किया।

By Alok ShahiEdited By: Published: Mon, 06 May 2019 05:46 AM (IST)Updated: Mon, 06 May 2019 07:59 PM (IST)
Jharkhand Lok Sabha Election 2019: झारखंड की 4सीटों पर 64% वोटिंग
Jharkhand Lok Sabha Election 2019: झारखंड की 4सीटों पर 64% वोटिंग

रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Lok Sabha Election 2019 -  लोकसभा चुनाव के तहत झारखंड में दूसरे चरण (देश के पांचवें) की चार सीटों रांची, खूंटी, कोडरमा तथा हजारीबाग में भी सोमवार को शांतिपूर्ण मतदान संपन्न हो गया। पहले चरण की तरह, इस चरण में भी कोई भी उल्लेखनीय घटना नहीं हुई। मौसम भी पूरी तरह साथ दिया। मतदाता अपने घरों से निकले और लोकतंत्र के उत्सव में शामिल होते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

loksabha election banner

चारों सीटों पर कुल 64.23 फीसद वोटिंग हुई। 2014 में हुए लोकसभा चुनाव की तुलना में इस बार 0.38 फीसद अधिक मतदान हुआ। मतदान बढऩे की बड़ी वजह 'दैनिक जागरण की मानव शृंखला भी रही। मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए 'दैनिक जागरण ने राज्य के सभी जिलों में चुनाव आयोग और जिला प्रशासन के सहयोग से 22 अप्रैल को मानव शृंखला का आयोजन किया था। पूरे राज्य में 250 किमी की मानव शृंखला बनी थी। सोमवार को भारी सुरक्षा के बीच निर्धारित समय सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ जो शाम चार बजे तक चला।

अपनी बेटी जीवा के साथ जेवीएम मतदान केंद्र पर क्रिकेटर महेंद्र सिंह धौनी।

कुछ बूथों पर जहां चार बजे मतदाता कतार में लग गए थे उन्हें भी वोट करने का मौका दिया गया। शुरुआत में कुछ बूथों पर ईवीएम व वीवीपैट मशीनों की खराबी की शिकायत आई, लेकिन समय पर उन्हें दुरुस्त कर मतदान शुरू कराया गया। मतदान के बाद कुल 61 उम्मीदवारों के भाग्य ईवीएम में कैद हो गए। इस तरह, झारखंड में आधी अर्थात कुल सात सीटों पर मतदान संपन्न हो गया। पहले चरण में 29 अप्रैल को पलामू, चतरा तथा लोहरदगा में मतदान संपन्न हुआ था। मतगणना 23 मई हो होगी। 

रांची के आइटीआइ पोलिंग बूथ पर वोट डालने के बाद सेल्फी जोन में राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू। साथ में हैं रांची के डीसी महिमापत रे व एसडीओ गरिमा सिंह।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी एल खियांग्ते ने मतदान के बाद संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि मतदान पूरी तरह से शांतिपूर्ण हुआ है। उन्होंने कहा कि मॉकपोल के दौरान गड़बड़ी पाए जाने पर 47 बैलेट, 46 कंट्रोल तथा 106 वीवीपैट यूनिटें बदली गईं। इससे इतर चुनाव के दौरान आई तकनीकी खराबी के कारण क्रमश: 47,35 तथा 218 बैलेट, कंट्रोल और वीवीपैट यूनिटें बदली गईं। 

वोट डालने के बाद इस अंदाज में दिखे दिग्‍गज।

इन दिग्गजों की भी किस्मत ईवीएम में बंद

-- पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी

-पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा

-  केंद्रीय राज्य मंत्री जयंत सिन्हा

-  पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री सुबोधकांत सहाय

-  पूर्व मंत्री अन्नपूर्णा देवी 

- सांसद रामटहल चौधरी 

- विधायक राजकुमार यादव।

महिलाओं ने पूरे उत्‍साह से वोट डाला।

रांची में निर्वाचन आयोग के कंट्रोल रूम से पूरी चुनाव प्रक्रिया पर वेबकास्टिंग से नजर ।

कब कितना हुआ मतदान

संसदीय क्षेत्र  - 2009  - 2014   2019

रांची      44.56  63.68   63.38

खूंटी      52.03  66.34   65.22

हजारीबाग 53.08 63.69    62.91

कोडरमा  56.14  62.51    65.70

हजारीबाग में वोट डालने पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्‍हा अपनी बारी का इंतजार करते हुए।

राज्यपाल, धौनी सहित कई दिग्गजों ने भी दिए वोट 

राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू, भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी, प्रसिद्ध तीरंदाज मधुमिता सहित कई सेलीब्रेटी, मुख्य सचिव डीके तिवारी, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी एल खियांग्ते, डीजीपी डीके पांडेय, अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनय कुमार चौबे सहित भारतीय प्रशासनिक सेवा के कई पदाधिकारियों तथा पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, अर्जुन मुंडा, हेमंत सोरेन, मंत्री सीपी सिंह, नीलकंठ सिंह मुंडा सहित कई अन्य दिग्गज नेताओं ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने श्रीकृष्ण लोक प्रशासन संस्थान स्थित मतदान केंद्र में वोट दिया। महेंद्र सिंह धौनी अपनी पत्नी साक्षी तथा बेटी जीवा के साथ केवल वोट देने चार्टड प्लेन से रांची पहुंचे। उन्होंने जेवीएम श्यामली स्थित मतदान केंद्र में वोट दिया। 

दो ट्रैक्टर आग के हवाले, वोट बहिष्कार का पोस्टर चिपकाया

आइजी अभियान आशीष बत्रा के अनुसार नक्सल प्रभावित इलाकों व पत्थलगड़ी वाले इलाकों में भी जमकर वोटिंग हुई। हालांकि खूंटी संसदीय क्षेत्र के तमाड़ में माओवादियों ने दिन के 12 बजे दो ट्रैक्टरों को आग के हवाले कर दिया। हालांकि इससे चुनाव कार्य प्रभावित नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि सुरक्षात्मक दृष्टिकोण से संबंधित क्षेत्र के दो बूथ संख्या 296 और 297 का स्थल परिवर्तन किया गया था। ट्रैक्टर मतदानकर्मियों को वहां पहुंचाकर लौट रहा था। ट्रैक्टर पर वोट बहिष्कार का पोस्टर चिपकाए जाने की भी खबर है।

फैक्ट फाइल

  • कुल मतदाता : 65,87,028
  • पुरुष मतदाता : 34,42,266
  • महिला मतदाता 31,44,679
  • थर्ड जेंडर : 83
  • 18-19 वर्ष के मतदाता : 1,09,025

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.