बीजद ने जयब्रत दे को पार्टी से निकाला
कभी भाजपा के फायर ब्रांड नेता रहे जयब्रत दे पार्टी से इस्तीफा देकर करीब पांच साल पहले बीजू जनता दल में शामिल हुए जयब्रत दे को बीजद ने दल से बाहर का रास्ता दिखा दिया है।
संबलपुर, जेएनएन। कभी भाजपा के फायर ब्रांड नेता रहे जयब्रत दे पार्टी से इस्तीफा देकर करीब पांच साल पूर्व बीजू जनता दल (बीजद) में शामिल हो गए थे। ऐसे नेता को शनिवार को बीजद ने दल विरोधी कार्य करने के आरोप में पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया। बीजद से निकाले गए जयब्रत ने इसे राजनीतिक साजिश बताते हुए इसके पीछे संबलपुर विधायक और झारसुगुड़ा के पूर्व विधायक का हाथ बताया है।
जयब्रत ने कहा कि उन्होंने कोई पार्टी विरोधी कार्य नहीं किया। बल्कि मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के प्रति विश्वास जताते हुए बीजद की भलाई के लिए कार्य करते रहे। लेकिन कुछ लोगों को यह पसंद नहीं आया और साजिश के तहत उन्हें पार्टी से बाहर किया गया है।
उल्लेखनीय है कि जब ओडिशा में बीजद-भाजपा की गठबंधन सरकार थी। तब भाजपा के युवा और फायरब्रांड नेता जयब्रत दे को संबलपुर विकास प्राधिकरण का अध्यक्ष बनाया गया था। बाद में वह भाजपा से इस्तीफा देकर बीजद में शामिल हो गए थे। इसके बाद उन्हें प्रदेश बीजद कार्यकारिणी का सदस्य बनाया गया था।
चर्चा है कि संबलपुर विधायक के साथ जयब्रत का 36 का आंकड़ा था। इसे लेकर दोनों गुटों के बीच कई बार झमेला भी हुआ। जयब्रत ने विधायक के कुछ कार्यकलापों का विरोध करना शुरू कर दिया और विकास के नाम पर अपने ही चहेतों को लाभ पहुंचाने का आरोप लगाना शुरू कर दिया। इसी को लेकर पिछले कई दिनों से बीजद में विवाद चल रहा था। इसका नतीजा जयब्रत को पार्टी से बाहर निकले जाने के रूप में सामने आया।