प्रज्ञा ठाकुर बोली- जनता को पता है साधु और शैतान का फर्क
लोकसभा चुनाव 2019 के लिए भोपाल संसदीय क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने कांग्रेस उम्मीदवार दिग्विजय सिंह पर बगैर नाम लिए
भोपाल, आइएएनएस। लोकसभा चुनाव 2019 के लिए भोपाल संसदीय क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने कांग्रेस उम्मीदवार दिग्विजय सिंह पर बगैर नाम लिए हमला किया है, साध्वी ने कहा कि जनता को असलियत पता है कि, संत कौन है और शैतान कौन है।
भाजपा उम्मीदवार प्रज्ञा ठाकुर मोटर साइकिल के जरिए चुनाव प्रचार कर रही हैं। मतदाताओं से सीधे जुड़ने के लिए उन्होंने बुधवार से मोटर साइकिल का सहारा लिया। गुरुवार को भी वे मोटर साइकिल से प्रचार के लिए निकलीं।
मीडिया से बात करते हुए प्रज्ञा ठाकुर ने कहा, 'भोपाल की जनता का मुझे पूरा समर्थन मिल रहा है। सभी चाहते हैं कि, मैं उनके बीच आऊं।'
जब उनसे कांग्रेस उम्मीदवार दिग्विजय सिंह द्वारा भगवा एजेंडे पर काम करने के आरोप पर सवाल किया गया तो प्रज्ञा का जवाब था, 'नकलची लोग हैं, जनता असलियत जानती है, संत कौन है और शैतान कौन।'
ज्ञात हो कि, कांग्रेस उम्मीदवार दिग्विजय सिंह के समर्थन में बुधवार को साधु-संतो की टोली ने रोड शो किया था, उसके बाद से गांव-गांव में साधुओं की टोलियां सक्रिय हैं। दूसरी ओर भाजपा की ओर से भी साधु संत सक्रिय हैं। कुल मिलाकर दोनों ओर से साधु-संत प्रचार में लगे हुए हैं। भोपाल सीट पर छठे चरण में 12 मई को मतदान होगा। यहां से दिग्विजय सिंह और प्रज्ञा ठाकुर के बीच कड़ा मुकाबला है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप