Lok Sabha Election 2019: भाजपा में हर सीट का विकल्प, टिकट चाहनेवालों की बढ़ी धड़कनें
Lok Sabha Election 2019. लोकसभा चुनाव में पसंदीदा सीट से टिकट की दौड़ में शामिल भाजपा के उम्मीदवारों की धड़कनें बढ़ी हुई है।
रांची, राज्य ब्यूरो। Lok Sabha Election 2019 टिकट की दौड़ में शामिल भाजपा के उम्मीदवारों की धड़कनें बढ़ी हुई हैं। कमल का सिंबल किसे मिलेगा और किसका पत्ता कटेगा यह तो केंद्रीय नेतृत्व तय करेगा लेकिन प्रदेश स्तर पर इस बाबत कई स्तर की वार्ता के बाद प्रत्याशियों की सूची का प्रारूप तैयार कर लिया गया है। तैयार सूची में हर सीट के लिए दो से तीन नामों को तरजीह दी गई है ताकि केंद्रीय नेतृत्व के पास हर सीट का विकल्प भी मौजूद रहे।
भाजपा चुनाव समिति ने शुक्रवार को प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा, मुख्यमंत्री रघुवर दास और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह को प्रत्याशियों की स्क्रूटनी के लिए अधिकृत किया था। शनिवार को दोपहर बाद प्रदेश कार्यालय में भाजपा के इन शीर्ष नेताओं ने हर सीट के लिए उम्मीदवारों के नामों पर लगभग एक घंटे तक मंथन किया। देर शाम मुख्यमंत्री आवास में भी इन नेताओं ने प्रत्याशियों के नामों पर फाइनल चर्चा की।
रविवार को मुख्यमंत्री रघुवर दास खुद प्रदेश स्तर पर तैयार की गई इस सूची को लेकर दिल्ली जाएंगे। देर शाम भाजपा के संगठन महामंत्री रामलाल के साथ प्रदेश के शीर्ष नेताओं की बैठक होगी, जिसमें अंतिम रूप से प्रत्याशियों के चयन पर चर्चा होगी। फाइनल तौर पर तैयार इस सूची को केंद्रीय चुनाव समिति को सौंपा जाएगा। सीधे शब्दों में समझें तो झारखंड भाजपा के टिकट की टिकटिक रविवार को दिल्ली शिफ्ट हो जाएगी।
मुख्यमंत्री से मिलने वालों का लगा रहा तांता मुख्यमंत्री आवास में दोपहर बाद से सीएम रघुवर दास से मिलने वालों का तांता लगा रहा। इनमें टिकट के दावेदार और पैरोकार दोनों ही शामिल थे। राजधानी रांची की अपेक्षा चतरा, पलामू और धनबाद के भाजपा नेताओं की अधिक भीड़ देखी गई।