Election 2019: भाजपा ने बंगाल में 24 सीटें जीतने के लक्ष्य में कई नामचीन चेहरों को चुनाव में उतारा
भाजपा ने बंगाल में 24 सीटें जीतने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए कई नामचीन चेहरों को लोकसभा चुनाव में उतारा है। इनमें पूर्व आइपीएस भारती घोष पूर्व फुटबॉलर कल्याण चौबे हैं।
कोलकाता, जागरण संवाददाता। भाजपा ने बंगाल में 24 सीटें जीतने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए कई नामचीन चेहरों को लोकसभा चुनाव की रणभूमि में उतारा है। इनमें पूर्व आइपीएस अधिकारी भारती घोष, पूर्व फुटबॉलर कल्याण चौबे, अभिनेत्री लॉकेट चटर्जी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष, हाल में तृणमूल कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थामने वाले अजरुन सिंह शामिल हैं।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वर्तमान में खड़गपुर विधानसभा सीट से विधायक हैं। वे पहली बार लोकसभा चुनाव मेदिनीपुर संसदीय क्षेत्र से लड़ेंगे। इस सीट पर उनका मुकाबला तृणमूल के मानस भुइयां से है। इस सीट पर भाकपा के विप्लव भट्ट भी उन्हें टक्कर देंगे।
प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष व टॉलीवुड अभिनेत्री लॉकेट चटर्जी को हुगली लोकसभा सीट से टिकट दिया गया है। इस सीट पर वर्तमान तृणमूल सांसद रत्ना दे उम्मीदवार हैं। अन्य नामचीन उम्मीदवारों में पूर्व आइपीएस भारती घोष (घाटाल), अर्जुन सिंह (बैरकपुर), पूर्व फुटबॉलर कल्याण चौबे (कृष्णनागर) शामिल हैं। भाजपा ने गत गुरुवार को अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करते हुए 28 नाम घोषित किए थे।
गौरतलब है कि 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा बंगाल में सिर्फ दो लोकसभा सीटें जीत पाई थी। 42 लोकसभा सीट वाले पश्चिम बंगाल में भाजपा इस बार ज्यादा से ज्यादा सीटें जीतना चाहती है।