LokSabha Elections 2019 : मोदी, शाह के साथ डॉ. धर्मेंद्र सिंह भी बने भाजपा के स्टार प्रचारक
भाजपा ने अपने स्टार प्रचारकों में पीएम मोदी अमित शाह योगी आदित्यनाथ के साथ ही गोरखपुर भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह सिंह को भी शामिल किया है।
गोरखपुर, जेएनएन। भाजपा ने लोकसभा चुनाव के छठे चरण के लिए स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। इस सूची में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, योगी आदित्यनाथ के साथ ही गोरखपुर भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह को भी जगह मिली है।
सूची में हाल ही में भाजपा में शामिल हुए निषाद पार्टी के प्रमुख संजय निषाद भी शामिल हैं। प्रदेश के जो और नाम इसमें शामिल हैं, उनमें गोरखपुर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी रवि किशन, केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र और केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री शिव प्रताप शुक्ल के नाम प्रमुख हैं।
योगी ने कार्यकर्ताओं को सहेजा
उधर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर लोकसभा क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और हिंदू युवा वाहिनी की बैठक में कहा कि भाजपा देश में जीत का नया अध्याय रचने जा रही है। पहले तीन चरण में पार्टी ने शानदार बढ़त बनाई है। इसकी वजह गठबंधन की कमजोरी है। उसके पास न तो नेता है, न नीति है और न ही नीयत। उनकी राजनीति एक परिवार तक सिमट कर रह गई है, जनता इसे समझ चुकी है। बुधवार को तीन घंटे चली मैराथन बैठक में उन्होंने बूथ से जीत सुनिश्चित करने का टिप्स देने के साथ-साथ विपक्ष की कमजोरियां बताते हुए चुनाव प्रचार के लिए कार्यकर्ताओं में जोश भी भरा। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले ही गठबंधन परास्त हो गया। उसमें इस समय हताश, निराश और स्वार्थी लोगों का जमावड़ा है। ऐसे जमावड़े कभी स्थाई नहीं होते। तीन चरणों के चुनाव में भाजपा की लहर देखकर गठबंधन टूटने लगा है। मोदी के नेतृत्व में देश भर में अंडर करंट है। इसका नतीजा 23 मई की मतगणना में देखने को मिलेगा। हालांकि इन सबके बीच वह उत्साह और आत्म विश्वास में आकर शिथिलता न बरतने के लिए आगाह करना भी नहीं भूले।