Loksabha Election 2019 : भारत की बर्बादी का पुलिंदा है कांग्रेस का घोषणा पत्र : केशव प्रसाद
डिप्टी सीएम बुधवार को नवयुग इंटर कॉलेज मिहीपुरवा में आयोजित विजय संकल्प अनुसूचित वर्ग सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
बहराइच, जेएनएन। कांग्रेस का घोषणा पत्र भारत की बर्बादी का पुलिंदा है। कांग्रेसियों की ओर से जारी किया गया घोषणा पत्र देखकर लगता है कि यह कांग्रेसियों ने नहीं, बल्कि पाकिस्तान ने बनाया है। यह बातें उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या नेे कहीं।
उपमुख्यमंत्री ने उपस्थित जनसमूह से सवाल किया कि गोली का जवाब गोला से देने वाला प्रधानमंत्री चाहिए या संसद में आंख मारने वाला प्रधानमंत्री। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी जी आपके पुरखों ने आज तक किसानों को छह रुपये नहीं दिया। आप अगर गांधी परिवार में पैदा न हुए होते तो आप कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष न होते।
उन्होंने कहा कि बेल पर घूमने वाले जेल जाने को तैयार हो जाएं, क्योंकि मोदी फिर सरकार बनाने वाले हैं। प्रियंका गांधी के आने से कितना फर्क पड़ने के सवाल पर उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि इतना ही फर्क पड़ा है कि राहुल गांधी को अमेठी छोड़कर वायनाड जाना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि अबकी बार 73 पार होगा। उन्होंने कहा कि कर्जमाफी से 15 करोड़ किसान परिवारों में से सिर्फ तीन करोड़ परिवार को ही मिला, इसलिए पीएम मोदी ने छह हजार रुपये प्रत्येक किसान परिवार को देने का काम शुरू किया है। सामान्य वर्ग को दिया जाने वाला 10 प्रतिशत आरक्षण सरकार ने अलग से दिया है। ओबीसी व एससी भाइयों का हक काटकर नहीं दिया गया। पिछले 55 वर्षों में यदि काम किया होता तो हमें काम न करना पड़ता। 2022 तक हर परिवार के पास अपना पक्का मकान होगा। कार्यक्रम का संचालन योगेश प्रताप सिंह ने किया।