Lok Sabha Election 2019: देश को भाजपा और आरएसएस से मुक्त करवाएगी कांग्रेस : वीरभद्र
Lok Sabha Election 2019
हमीरपुर, जेएनएन। ‘कांग्रेस पार्टी में सबसे बड़ा धुरंधर मैं हूं। पहले धूमल को घर पहुंचाया और अब बेटे की बारी है।’ यह बात पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के जनरल हाउस में पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए रविवार को कही। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस चट्टान की तरह मजबूती से एकजुट होकर लड़ेगी। कांग्रेस देश को आरएसएस व भाजपा के चंगुल से मुक्त करवाकर बाहर निकालेगी और राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाएगी। यदि हर कांग्रेस कार्यकर्ता दृढ़ निश्चय से बूथ स्तर पर कार्य करे तो भाजपा को हराना मुश्किल काम नहीं है। वह खुद प्रदेश की चारों सीटों पर प्रचार करेंगे। सभी संसदीय सीटों पर पूरी ताकत झोंकेगे और भाजपा के कुप्रचार का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।
अनेकता में एकता ही कांग्रेस का मंत्र हैं। वीरभद्र्र सिंह ने कहा कि इस बार हमीरपुर संसदीय सीट से कांग्रेस के मजबूत प्रत्याशी रामलाल ठाकुर चुनाव मैदान में हैं, उन्हें जिताकार संसद में भेजना है ताकि संसदीय
क्षेत्र के लोगों समस्याओं का हल कर सके।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने कहा कि कांग्रेस के पास प्रदेश में एक से बढ़कर एक धुरंधर नेता हैं। विधानसभा चुनाव में राजेंद्र राणा ने भाजपा के मुख्यमंत्री पद के प्रत्याशी प्रेम कुमार धूमल को हराया था। हर पदाधिकारी को लोकसभा चुनाव में बूथ स्तर पर लीड दिलाकर प्रत्याशी की की जीत को सुनिश्चित बनाना हैं।