मिशन 2019: राहुल के मंच पर अनंत सिंह की नो एंट्री, तेजस्वी पहले कह चुके बैड एलिमेंट
बिहार के बाहुबली विधायक अनंत सिंह भले ही कांग्रेस के लिए चुनाव प्रचार कर रहे हैं। अखिलेश सिंह के साथ पटना में रोड शो कर रहे हैं। पर, कांग्रेस ने उन्हें जोर का झटका दिया है।
पटना, जेएनएन। मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह कांग्रेस के लिए जोर-शोर से लोकसभा का चुनाव प्रचार कर रहे हैं। राज्यसभा सांसद अखिलेश सिंह के साथ पटना में रोड शो कर रहे हैं। मुंगेर से कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ने की बात कह रहे हैं। लेकिन अनंत सिंह को कांग्रेस ने बड़ा झटका दे दिया है। पटना में बिहार कांग्रेस प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल ने साफ-साफ कह दिया है कि राहुल गांधी के मंच पर अनंत सिंह को जगह नहीं मिलेगी। गौरतलब है कि पहले राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के छोटे बेटे नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पहले ही अनंत सिंह को बैड एलिमेंट बता चुके हैं।
कांग्रेस के बिहार प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल ने स्पष्ट कर दिया है कि मोकामा से निर्दलीय बाहुबली विधायक अनंत सिंह को गांधी मैदान में आयोजित 3 फरवरी की जन आकांक्षा रैली में मंच पर जगह नहीं दी जाएगी। रैली को मुख्य रूप से कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को संबोधित करना है। उन्होंने ये बातें विधायक रामदेव राय के आवास पर आयोजित चूड़ा-दही के भोज में शामिल होने के दौरान मीडिया से कहीं।
गोहिल बोले टिकट पर आलाकमान का निर्णय
गोहिल ने यह भी कहा कि कांग्रेस किसी को भी टिकट के आश्वासन पर शामिल नहीं करा रही। टिकट के संबंध में आला कमान निर्णय लेगा। अनंत सिंह से रैली के लिए मदद लेने संबंधी प्रश्न पर उन्होंने कहा कि जब सेतु बनता है तो सब के सहयोग से बनता है। हम हर किसी की मदद का स्वागत करते हैं। उन्होंने कहा कि 28 सालों बाद कांग्रेस गांधी मैदान में रैली आयोजित कर रही है।
राहुल के मंच पर तेजस्वी करेंगे शिरकत
खास बात कि राहुल गांधी के उसी मंच पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी शिरकत करेंगे। महागठबंधन के सभी घटक दलों के प्रमुख नेताओं को इसके लिए आमंत्रित किया गया है। तेजस्वी ने कहा कि पार्टी को कांग्रेस की ओर से रैली के लिए न्योता मिल गया है और हम उस रैली में जाएंगे। सोमवार को तेजस्वी दिल्ली में थे।
अनंत सिंह की महागठबंधन में जगह नहीं
बता दें कि अनंत सिंह को लेकर पिछले दिनों तेजस्वी यादव ने बड़ा बयान दिया था। रांची जाने के क्रम में उन्होंने पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए कहा था कि अनंत सिंह जैसे बैड एलिमेंट के लिए महागठबंधन में कोई जगह नहीं हैं। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी मदन मोहन झा भी लगातार कहते आ रहे हैं कि अनंत सिंह पर अभी कोई फैसला नहीं हुआ है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई राहुल गांधी के लिए प्रचार कर रहे हैं, तो उससे हमलोगों को कोई परेशानी नहीं है। कांग्रेस गांधी की विचारधारा पर चलती है और पार्टी सबका स्वागत करती है।
मुंगेर से कर रहे हैं दावेदारी
गौरतलब है कि अनंत सिंह लगातार बोल रहे हैं कि हम मुंगेर से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे और कांग्रेस के टिकट पर ही चुनाव लड़ेंगे। दो दिन पहले पटना में उन्होंने सांसद अखिलेश सिंह के साथ रोड शो किये थे। साथ ही इसके पहले उन्होंने अपने गांव से लेकर मुंगेर तक रोड शो किया था। वे यह भी कह रहे हैं कि कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़कर सबकी जमानत जब्त कर देंगे।
लालू यादव का कर चुके हैं गुणगान
मालूम हो कि अनंत सिंह ने पिछले माह चुनाव लड़ने की घोषणा करने के बाद राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव का गुणगान किया था। उन्होंने कहा था कि समाजिक न्याय के क्षेत्र में लालू यादव से बड़ा नेता बिहार में कोई नहीं है। वे हमेशा से गरीब-गुरबों के बीच लोकप्रिय रहे हैं और आज भी है।