LokSabha Election 2019: वोट के लिए कांग्रेस उम्मीदवार ने साधुओं संग निकाला जुलूस
कांग्रेस उम्मीदवार आचार्य प्रमोद कृष्णम ने साधुओ के साथ हनुमान सेतु से लेकर गांधी प्रतिमा तक निकाला जुलूस।
लखनऊ, जेएनएन। कांग्रेस उम्मीदवार आचार्य प्रमोद कृष्णम ने साधुओं संग जुलूस निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया। सिर्फ साधु ही नहीं, मुसलमान भी उनके जुलूस में दिखे। जय श्रीराम के नारों के बीच साधुओं ने मोदी सरकार हटाने और राम मंदिर निर्माण का संकल्प लिया। हनुमान सेतु से हजरतगंज गांधी प्रतिमा स्थल तक के सफर में साधुओं ने तलवारबाजी का भी प्रदर्शन किया। देश के विभिन्न प्रांतों से जुटे इन साधुओं की अगुआई भी कम्प्यूटर बाबा कर रहे थे। जुलूस के चलते दोपहर तीन से चार बजे के बीच हनुमान सेतु से हजरतगंज के बीच यातायात भी प्रभावित रहा।
हजरतगंज स्थित गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के उपरांत कम्प्यूटर बाबा ने कहा कि भाजपा ने देश की जनता के साथ धोखा किया है। मोदी ने रामलला के दर्शन तक नहीं किए हैं। राम मंदिर निर्माण का वादा झूठा साबित हुआ। भाजपा ने संत समाज के साथ भी धोखा किया। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को सुझाव दिया कि देश से मोदी को हटाना है तो कांग्रेस का साथ दें। जुलूस में कांग्रेस नेता अशोक सिंह, शैलेंद्र तिवारी, अजय श्रीवास्तव ‘अज्जू’, आशा मौर्या, पूर्व पार्षद प्रदीप कनौजिया, सुबोध श्रीवास्तव, रामगोपाल सिंह, रेहान खान आदि शामिल रहे।