Loksabha Election 2019: कांग्रेस प्रत्याशी जितिन प्रसाद ने धौरहरा से दाखिल किया नामांकन
धौरहरा संसदीय सीट से कांग्रेस प्रत्याशी व पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने नामांकन पर्चा दाखिल किया।
लखीमपुर, जेएनएन। धौरहरा संसदीय सीट से कांग्रेस प्रत्याशी व पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने शुक्रवार सुबह बेहद सादगी से नामांकन पर्चा दाखिल किया। अपने अनुमोदक और प्रस्तावकों के साथ लखीमपुर कलेक्ट्रेट में मुख्य विकास अधिकारी रवि रंजन के कार्यालय पहुंचे। चार सेटों में अपना नामांकन पत्र सौंपा है। कुछ ही देर बाद युवराज पैलेस में जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
कांग्रेस के साथ रहा है क़रीबी रिश्ता
जितिन प्रसाद खानदानी कांग्रेसी हैं। उनके पिता मरहूम जितेन्द्र प्रसाद कांग्रेस नेता और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी और पीवी नरसिम्हा राव के राजनीतिक सलाहकार रहे थे। वह उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष (1995) तथा भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के उपाध्यक्ष भी रह चुके थे।
ऐसा रहा राजनीतिक सफर
जितिन प्रसाद सबसे पहले 2001 में भारतीय युवा कांग्रेस में सचिव बने थे। उन्होंने 2004 में अपने गृह लोकसभा सीट, शाहजहांपुर से 14वीं लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज की। पहली बार जितिन प्रसाद को 2008 में केन्द्रीय राज्य इस्पात मंत्री नियुक्त किया गया। उसके बाद 2009 में वह 15वीं लोकसभा चुनाव लोकसभा धौरहरा से लड़े और जीते भी। वह 2009 से लेकर 2014 तक यूपीए सरकार के विभिन्न मंत्रालयों में केन्द्रीय राज्यमंत्री रहे। जितिन प्रसाद शाहजहांपुर ,लखीमपुर तथा सीतापुर में काफी लोकप्रिय हैं। वह राहुल गाँधी की युवा ब्रिगेड के नामचीन चेहरे रहे हैं।