Lok Sabha Election 2019: हिमाचल में हमीरपुर का पेंच बरकरार कांगड़ा में मुहूर्त का इंतजार
Lok Sabha Election 2019 हिमाचल की हमीरपुर सीट पर कांग्रेस अनुराग ठाकुर के खिलाफ कोई उम्मीदवार तय नही कर पाई है उम्मीद है कि मंगलवार को इस पर फैसला हो जाएगा।
धर्मशाला, राज्य ब्यूरो। Lok Sabha Election 2019 कांग्रेस हिमाचल प्रदेश की हमीरपुर सीट पर अनुराग ठाकुर के खिलाफ कोई चेहरा अब भी तय नहीं कर पाई है। भाजपा से कांग्रेस में जाने को आतुर सुरेश चंदेल अब भी दहलीज पर ठिठके हुए हैं। प्रबल दावेदारों में कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू सबसे आगे हैं जबकि विधायक एवं पूर्व मंत्री रामलाल ठाकुर और सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा के पुत्र अभिषेक राणा भी पूरी तरह बाहर नहीं बताए जा रहे हैं। उधर, कांगड़ा में ओबीसी से संबद्ध कांगड़ा के विधायक पवन काजल का टिकट तय हो चुका है लेकिन बताया जा रहा है घोषणा तीन अप्रैल को शुभ मुहूर्त पर होगी। काजल ने अनुरोध किया है कि तीन को ही घोषणा की जाए।
बड़े नेताओं के अहं के बीच फंसी हमीरपुर सीट पर कांग्रेस केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में मंगलवार को फैसला लिया जा सकता है। कुछ सूत्रों का यह भी दावा है कि सुखविंदर सिंह सुक्खू व पवन काजल के नाम की घोषणा हो सकती है।
शिमला संसदीय सीट से वर्तमान कांग्रेस विधायक एवं दो बार सांसद रह चुके कर्नल धनीराम शांडिल और मंडी सीट से पंडित सुखराम के पोते आश्रय शर्मा टिकट मिलने के बाद प्रचार में जुट गए हैं। अब तो प्रत्याशियों के नामों की घोषणा होना बाकी रह गया है। प्रदेश के नेताओं के साथ चर्चा का दौर खत्म हो चुका है। कांगड़ा से पवन काजल का नाम फाइनल कर दिया है। हो सकता है कि हमीरपुर से भी सुक्खू के नाम पर मुहर लग जाए।
-कुलदीप राठौर, कांग्रेस अध्यक्ष।
काजल का स्वागत होगा
कांगड़ा से पवन काजल का नाम फाइनल है। काजल का चार अप्रैल को कांगड़ा में स्वागत सम्मेलन रखा गया है। कांग्रेस ने गद्दी कार्ड की काट करने के लिए अन्य पिछड़ा वर्ग से ताल्लुक रखने वाले पवन काजल को चुनाव मैदान में उतारा है।
ऐसी उम्मीद है कि मंगलवार को दो सीटों पर नाम घोषित हो जाएंगे। अब केवल आलाकमान को प्रत्याशियों के नाम पर मुहर लगानी है।
-रजनी पाटिल, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी