Lok Sabha Election 2019: हिमाचल में सोशल मीडिया बना हाथ का हथियार
हिमाचल में कांग्रेस ने हर बूथ पर बनाए गए वाट्सएप ग्रुपों से प्रचार तेज कर दिया है। यहां पहली बार कांग्रेस ने खुद को मजबूत करने के लिए इतने व्यापक स्तर पर सोशल मीडिया अभियान शुरू किया है।
शिमला, राज्य ब्यूरो। हिमाचल की चारों संसदीय सीटों पर जीत दर्ज करने के लिए कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर प्रचार तेज कर दिया है। पार्टी की सोशल मीडिया टीम ने चुनाव प्रचार के लिए प्रदेश में 7723 वाट्सएप ग्रुप बनाए हैं। शहरों के साथ लगते ग्रामीण क्षेत्रों के लोग भी सोशल मीडिया से जुड़े हुए हैं। ऐसे में हर मतदाता तक पहुंच बनाने के लिए सोशल मीडिया को सबसे बड़े हथियार के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा है।
हर बूथ पर बनाए गए वाट्सएप ग्रुपों से प्रचार तेज कर दिया गया है। ग्रुप का जिम्मा स्थानीय युवा कांग्रेस
ब्रिगेड के सुपुर्द किया गया है। ग्रुपों में कांग्रेस के बड़े नेताओं को शामिल करने के साथ सोशल मीडिया टीम को भी जोड़ा गया है। इन ग्रुपों में राष्ट्रीय से लेकर राज्य, जिला, ब्लॉक व बूथस्तर पर निर्धारित रणनीति के तहत प्रचार किया जा रहा है। प्रदेश में पहली बार कांग्रेस ने बूथस्तर पर खुद को मजबूत करने के लिए इतने व्यापक स्तर पर सोशल मीडिया अभियान शुरू किया है। अब तक जितने भी चुनाव हुए, उनमें पार्टी की ऐसी रणनीति नहीं थी।
कांग्रेस की राष्ट्रीय सोशल मीडिया टीम हर राज्य की कार्यप्रणाली पर नजर रखकर उनके कार्यों का आकलन कर रही है। विशेष रूप से युवा मतदाताओं को जोड़ने के लिए इस अभियान को रफ्तार दी गई है।
सोशल मीडिया टीम द्वारा बूथस्तर पर वाट्सएप ग्रुप बनाए गए हैं। बूथस्तर तक प्रचार हो रहा है। वाट्सएप
के अलावा फेसबुक व ट्विटर से लोगों खासकर युवाओं को पार्टी से जोड़ा गया है।
-राजेंद्र शर्मा, कांग्रेस मीडिया संयोजक
युवाओं को लुभाने के लिए हाईटेक प्रचार
प्रदेश की चारों लोकसभा सीटों के लिए राजनीतिक दलों की निगाहें 43 फीसद युवा मतदाताओं पर हैं। राज्य निर्वाचन विभाग द्वारा दर्ज कुल मतदाताओं में युवाओं की संख्या ज्यादा है। यही कारण है कि इन युवाओं को लुभाने के लिए हाईटेक प्रचार हो रहा है।