Loksabha Election 2019: कांग्रेस ने भाजपा के घोषणा पत्र को बताया 'झूठ का गुब्बारा'
कांग्रेस ने भाजपा के संकल्प पत्र के कवर पेज को लेकर उस पर निशाना साधा है। कांग्रेस ने कहा है कि हमने अपने घोषणा पत्र के कवर पेज पर आम लोगों को जबकि भाजपा ने मोदी को तरजीह दी है।
नई दिल्ली, एजेंसी। कांग्रेस ने सोमवार को भाजपा के संकल्प पत्र को झूठ का गुब्बारा करार दिया। कांग्रेस नेता अहमद पटेल ने कहा कि भाजपा का घोषणा पत्र झूठ का गुब्बारा है। भाजपा चुनाव में जो वादे करती है, वे पूरे नहीं हो पाते हैं। भाजपा का घोषणापत्र साइट पर ही रह जाता है। प्रधानमंत्री खुद को कभी चायवाला, कभी चौकीदार, कभी कामदार और कभी फकीर कहकर लोगों को गुमराह कर रहे हैं।
कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा के संकल्प पत्र और कांग्रेस के घोषणा पत्र के बीच साफ अंतर इसके कवर पेज पर ही देखा जा सकता है। हमारे कवर पर लोगों का समूह है जबकि भाजपा के संकल्प पत्र के कवर पेज पर केवल एक ही आदमी की तस्वीर है। कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा को संकल्प पत्र के बजाए माफीनामे के साथ आना चाहिए था।
पटेल ने कहा कि भाजपा चुनावों में जो वादे करती है, उन्हें कभी नहीं निभाती। भाजपा को हिसाब देना चाहिए कि उसने पिछले पांच वर्षों में बेरोजगारी, किसानों और व्यापारियों के लिए जो वादे किए उनका क्या हुआ। भाजपा को यह भी बताना चाहिए कि उसके घोषणा पत्र में लोगों को रोजगार देने के लिए कोई ठोस कदम का जिक्र क्यों नहीं किया गया है।