Lok Sabha Election 2019: NCP और कांग्रेस सहयोगियों के लिए छोड़ सकती हैं दो-दो सीटें
महाराष्ट्र की 48 लोकसभा सीटों पर कांग्रेस और एनसीपी गठबंधन के बीच 26-22 का फॉर्मूला तय है। सूत्रों के मुताबिक अब दोनों दल अपने कोटे से दो सीटें सहयोगी दलों को दे सकती हैं।
मुंबई, एएनआइ। महाराष्ट्र में एनसीपी और कांग्रेस के गठबंधन में सहयोगी दलों को सीट देने की बात सामने आ रही है। महाराष्ट्र की 48 लोकसभा सीटों पर कांग्रेस और एनसीपी गठबंधन के बीच 26-22 का फॉर्मूला तय है। सूत्रों के मुताबिक अब दोनों दल अपने कोटे से दो सीटें सहयोगी दलों को दे सकती हैं।
स्वाभिमानी शेतकारी संगठन के लिए दो सीटें, बहुजन विकास अघाड़ी के लिए एक और निर्दलीय विधायक रवि राणा के लिए एक सीट छोड़ी जाएंंगी, जहां से उनकी पत्नी नवनीत कौर चुनाव लड़ सकती हैं।
सीट बंटवारे के मुताबिक, राकांपा ने अपने कोटे से हटकनंगले सीट 'स्वाभिमानी शेतकारी संगठन' (एसएसएस) के राजू शेट्टी को दी है, जबकि कांग्रेस पालघर सीट 'बहुजन विकास आघाड़ी के लिए छोड़ेगी।
गौरतलब है कि राजू शेट्टी की स्वाभिमानी शेतकारी संगठन 2014 के चुनाव में भाजपा की सहयोगी थी। इसके बाद राजू शेट्टी ने प्रकाश आंबेडकर के साथ गठबंधन कर लिया था। कांग्रेस के साथ आने के बाद राजू शेट्टी ने कहा था कि जब हम भाजपा के साथ थे तब तीन सीटें मिली थी। हमें कम से कम दो सीटें मिलनी चाहिए।
बहुजन विकास अघाड़ी भी 2014 के चुनाव में भाजपा के साथ थी। बहुजन विकास अघाड़ी का पालघर लोकसभा सीट पर अच्छी पकड़ है। इससे पहले हुए उपचुनाव में भाजपा ने इस सीट पर जीत दर्ज की थी। वहीं शिवसेना दूसरे स्थान पर रही थी।
वहीं इस गठबंधन के खिलाफ महाराष्ट्र में शिवसेना और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एक साथ मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं। दोनों दलों के बीच हुए सीटों के बंटवारे के मुताबिक शिवसेना राज्य की कुल 48 लोकसभा सीटों में से 23 जबकि भाजपा 25 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी।