भाजपा उम्मीदवार पर महिला ने लगाया मानसिक और शारीरिक शोषण का आरोप, शिकायत दर्ज
भाजपा उम्मीदवार मैसूरु प्रताप सिम्हा के खिलाफ राज्य महिला आयोग में शिकायत दर्ज कराई गई है।
कर्नाटक (एएनआइ)। भाजपा उम्मीदवार मैसूरु प्रताप सिम्हा के खिलाफ राज्य महिला आयोग में शिकायत दर्ज कराई गई है। सिम्हा पर आरोप है कि उन्होंने एक महिला का मानसिक और शारीरिक शोषण किया है। बता दें कि लोकसभा चुनाव 2019 में कर्नाटक की 14 लोकसभा सीटों पर दूसरे चरण यानी 18 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे।
इस चुनाव में कांग्रेस-जेडीएस मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं। दूसरे चरण की 14 लोकसभा सीटों में से कांग्रेस 10 और जेडीएस 4 सीटों पर मैदान में हैं। जबकि बीजेपी 13 सीटों पर किस्मत आजमा रही है। 2014 के लोकसभा नतीजों पर नजर डालें तो 6 पर कांग्रेस, 6 पर बीजेपी और 2 सीटों पर जेडीएस ने जीत दर्ज की थी।
कर्नाटक की हासन लोकसभा सीट देवगौड़ा परिवार की परंपरागत सीट मानी जाती है। इस बार जेडीएस से प्रज्ज्वल रेवन्ना, बीजेपी से मंजू, बसपा से केएच विनोदराज और उत्तम प्रजाकीय पार्टी से एचएम चंद्रगौड़ा सहित 6 प्रत्याशी मैदान में है। 2014 के लोकसभा चुनाव में देवगौड़ा ने कांग्रेस के ए मंजू को एक लाख से ज्यादा वोटों से करारी मात दी थी।