CM नीतीश का लालू-राबड़ी पर तंज- पति-पत्नी के राज में हंसी का पात्र बन गया था बिहार
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को सासाराम व औरंगाबाद में अपनी चुनावी जनसभाओं में एनडीए प्रत्याशियों के लिए वोट मांगे। साथ ही विपक्ष पर जमकर तंज कसे।
सासाराम/औरंगाबाद [जेएनएन]। 15 साल पति-पत्नी के राज में बिहार हंसी का पात्र बना था। विकास पूरी तरह ठप पड़ गया था। लूट, हत्या, बलात्कार जैसी घटनाओं से आम लोग डरे हुए थे। इस दंपती ने जनता के पैसे लूटकर परिवार का विकास किया, लेकिन एनडीए की सरकार जबसे आई तबसे बिहार में विकास ने रफ्तार पकड़ ली। आज लोग अमन चैन के साथ रात में भी आते जाते हैं। यह है एनडीए के न्याय के साथ विकास।'
ये बातें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहींं। वे औरंगाबाद के दाउदनगर और सासाराम के करगहर में चुनावी सभाओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने जनता से एनडीए प्रत्याशी छेदी पासवान और महाबली सिंह को अपना आशीर्वाद देने की अपील की।
उन्होंने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व मे सबका साथ सबका विकास हुआ। लालू राबड़ी का नाम लिए बगैर उनके 15 साल के शासन की चर्चा करते हुए जनता को आगाह किया कि अगर उन्हें वोट देते हैं, तो फिर जंगलराज आ जाएगा।
भ्रष्टाचार पर कहा कि विपक्ष के कुछ नेता जेल में तो अधिकांश नेता बेल पर हैं। खुद को बचाने के लिए इस चुनाव में एकजुट हुए हैं। लोकसभा चुनाव देश के सम्मान का चुनाव है। देश के विकास की गति जहां 7 प्रतिशत है, वहीं बिहार 11.3 प्रतिशत की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। कहा कि पिछले 13 वर्षों से हमें राज्य की सेवा करने का जो अवसर मिला है, उसके आधार पर आपका समर्थन चाहते हैं। केंद्र सरकार ने देश की प्रतिष्ठा बढ़ाई है। आतंकवाद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई से देशवासियों का मनोबल बढ़ा है।
उन्होंने कहा कि अगर आपको लगता है कि सड़क खराब है तो अनुमंडल या जिला स्तर पर लोक शिकायत निवारण केंद्र में शिकायत कर दीजिए। शराबबंदी लागू किए जाने से धंधेबाजों को बहुत कष्ट हुआ। लोग होम डिलीवरी की बात करते हैं। हमने नंबर जारी कर दिया है और सख्त कार्रवाई होती है। लोग गोपनीय सूचना दें।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप