ओडिशा के सीएम नवीन पटनायक बोले, महागठबंधन में शामिल नहीं होगा बीजद
naveen patnaik. ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कहा है कि बीजू जनता दल महागठबंधन में शामिल नहीं होगा।
भुवनेश्वर, जासं। देशभर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ बनाए जा रहे महागठबंधन को लेकर बीजू जनता दल (बीजद) के सुप्रीमो तथा मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने बुधवार को अपना रुख स्पष्ट कर दिया है। मुख्यमंत्री पटनायक ने कहा है कि बीजू जनता दल भाजपा एवं कांग्रेस दोनों ही पार्टियों से समान दूरी बनाकर चल रहा है और आगामी दिनों में भी बीजद किसी महागठबंधन में शामिल नहीं होगा। मुख्यमंत्री की इस घोषणा के बाद देशभर में बनाए जाने वाले महागठबंधन को एक बड़ा झटका माना जा रहा है। उसी तरह से मंत्रिमंडल में फेर बदल होने को लेकर हो रही चर्चा पर भी मुख्यमंत्री ने विराम लगा दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि वर्तमान समय में मंत्रिमंडल में फेर बदल को लेकर कोई चिंतन नहीं किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि पूरे देश में भाजपा के खिलाफ महागठबंधन करने के लिए कांग्रेस की तरफ से प्रयास शुरू किया जा रहा है। इसमें आरजेडी, नेशनल कॉन्फ्रेंस, एनसीपी, टीडीपी एवं वामपंथी दल शामिल हैं। नई दिल्ली में मंगलवार किसानों के हक के लिए केंद्र सरकार की कड़ी आलोचना मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने की थी। इसके बाद से यह कयास लगाए जा रहे थे कि बीजद भी कांग्रेस की तरफ से मोदी के खिलाफ बनाए जा रहे महागठबंधन में शामिल हो सकता है, जिसे मुख्यमंत्री ने आज सिरे से खारिज करते हुए कह दिया है कि बीजद दोनों ही राष्ट्रीय पार्टी भाजपा एवं कांग्रेस से अपनी समान दूरी वाली नीति पर आज भी कायम है। हाल ही में तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ओडिशा दौरे पर आकर मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के साथ राष्ट्रीय राजनीति पर चर्चा किए थे।