Lok Sabha Election 2019: CM रघुवर दास बोले, झारखंड में बुझी लालटेन-जल रही बिजली
Lok Sabha Election 2019. मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भाजपा सरकार ने देश की आंतरिक सुरक्षा को काफी मजबूत किया।
रांची, जेएनएन। Lok Sabha Election 2019 - झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने एक बार फिर विरोधियों पर तंज कसते हुए कहा कि झारखंड में लालटेन बुझ चुकी है। यहां हर तरफ बिजली जल रही है। शुक्रवार को पलामू संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी वीडी राम के पक्ष में भवनाथपुर व श्रीबंशीधर नगर में चुनावी सभा में उन्होंने कहा कि देश में चुनाव का मैदान तैयार है, करोड़ों मतदाता देश के भाग्य का फैसला करेंगे। देश को एक सशक्त और मजबूत सरकार की जरूरत है, जो केंद्र की भाजपा सरकार ने दी है। भाजपा सरकार ने आंतरिक सुरक्षा को काफी मजबूत किया है। 56 इंच के सीने का दम अब दुनिया ने देख लिया है और अब कोई बाहरी शक्ति भारत को आंख नहीं दिखा सकती।
उन्होंने कहा कि झारखंड में उग्रवाद समाप्ति की ओर है। डबल इंजन की सरकार ने आतंकवाद व उग्रवाद समाप्त करने की ओर ध्यान दिया। फलस्वरूप झारखंड व देश में शांति का माहौल बना है और विकास तेजी से हो रहा है। जो अन्नदाता किसान कर्ज लेने वाले थे, अब कर्ज देने वाले बन रहे हैं। सीएम ने कहा कि 1059 करोड़ रुपये की लागत से 2 माह पहले सोन नदी से पाइपलाइन द्वारा पलामू के सभी जलाशयों को पानी देने की योजना का शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने किया है। दो-तीन वर्षों के अंदर सभी खेत को पानी व प्रत्येक घर को पाइपलाइन से पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा।
झामुमो पर प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि 1993 में झारखंड की अस्मिता को बेचने का काम किया है। कांग्रेस वंशवाद की राजनीति करती है, जबकि चाय बेचने वाला गरीब का बेटा राष्ट्रवाद की राजनीति करता है। उन्होंने उपस्थित लोगों से भाजपा प्रत्याशी वीडी राम को जिताने की अपील की।