Lok Sabha Election 2019: झारखंड के गिरिडीह से चंद्रप्रकाश होंगे AJSU उम्मीदवार
Lok Sabha Election 2019. आजसू प्रमुख सुदेश महतो ने सोमवार को संसदीय बोर्ड की बैठक में रघुवर सरकार के मंत्री चंद्र प्रकाश चौधरी के गिरिडीह से उम्मीदवार बनाने का का एलान किया।
रांची, राज्य ब्यूरो। Lok Sabha Election 2019 - भाजपा के साथ गठबंधन के तहत आजसू को मिली गिरिडीह सीट पर राज्य के पेयजल एवं स्वच्छता सह जल संसाधन मंत्री चंद्र प्रकाश चौधरी चुनाव लड़ेंगे। पार्टी में इसपर सहमति बन गई है। इसकी औपचारिक घोषणा सोमवार को पार्टी के संसदीय बोर्ड की बैठक में की गई। चंद्रप्रकाश चौधरी को गिरिडीह से आजसू का उम्मीदवार घोषित किया गया है।
आजसू पार्टी के संसदीय बोर्ड की बैठक में उनके नाम पर सहमति बनी। एनडीए गठबंधन के तहत यह सीट आजसू को मिली है। संसदीय बोर्ड की बैठक के बाद उम्मीदवार की घोषणा करते हुए आजसू के अध्यक्ष सुदेश महतो ने कहा कि पार्टी इस चुनाव में पूरे दमखम से लड़ेगी।
बीते दिन पार्टी की केंद्रीय कार्यसमिति की हुई विशेष बैठक में लोकसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन में साझा जिम्मेदारी निभाने पर सहमति बनी। लेकिन पार्टी एनडीए के घोषणा पत्र के साथ-साथ राज्य के विषय को लेकर अलग से घोषणा पत्र जारी करेगी।
पार्टी के अध्यक्ष सुदेश महतो ने कहा है कि एनडीए गठबंधन के तहत गिरिडीह सीट आजसू को मिलने से झामुमो की चिंता बढ़ गई है। गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र झारखंड की राजनीति का मुख्य केंद्र होगा। यह चुनाव विनोद बिहारी महतो के अधूरे सपने को पूरा करने तथा पार्टी को राष्ट्रीय पटल पर स्थापित करने का अवसर है।