पार्टी के केंद्रीय मुख्यालय समेत देशभर में भाजपा कार्यकर्ता गाजे-बाजे के साथ मना रहे जश्न
केंद्रीय मुख्यालय समेत देशभर में भाजपा और सहयोगी दलों के दफ्तरों पर जश्न का माहौल रहा जबकि विपक्षी कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों के कार्यकर्ताओं में मायूसी छा गई।
नई दिल्ली, जेएनएन। ओपीनियन पोल और एक्जिट पोल के बाद गुरुवार को एक्जेक्ट पोल (मतगणना) के रुझानों ने भाजपा और उसके सहयोगी दलों के कार्यकर्ताओं का जोश हाई कर दिया। केंद्रीय मुख्यालय समेत देशभर में भाजपा और सहयोगी दलों के दफ्तरों पर जश्न का माहौल रहा, जबकि विपक्षी कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों के कार्यकर्ताओं में मायूसी छा गई। दफ्तरों पर सन्नाटा पसर गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह समेत अन्य वरिष्ठ पार्टी नेता चुनाव की शुरुआत से ही 300 से ज्यादा सीटों पर जीत का दावा कर रहे थे। गुरुवार को जब मतगणना शुरू हुई तो उनके दावे हकीकत में तब्दील होने लगे। इससे जहां भाजपा के वरिष्ठ नेता उत्साहित नजर आए, वहीं कार्यकर्ता गाजे-बाजे के साथ सड़कों पर उतर आए। युवा और महिला कार्यकर्ताओं का जोश तो देखते ही बनता था। अबीर-गुलाल और आतिशबाजी के साथ भाजपा और सहयोगी दलों के दफ्तरों का माहौल ऐसा हो गया, मानो गुरुवार को ही उनके लिए दीपावली और होली दोनों हो गई हों।
वैसे पूरे चुनाव के दौरान राजग के समर्थकों का उत्साह चरम पर रहा। चुनाव प्रचार के दौरान उनका उत्साह जहां रैलियों में सिर चढ़कर बोलता था, वहीं मतदान के बाद की तैयारियां सीधे तौर पर उनके विश्वास और उम्मीदों का हाल बयां कर रही थीं। कई राज्यों में लोग पीएम मोदी का मास्क पहनकर लड्डू तैयार करवा रहे थे तो कहीं एनडीए की जीत के लिए हवन-पूजन का आयोजन किया जाता रहा।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप