खेल आधारित एनिमेटेड वीडियो से भाजपा ने साधा विपक्षी दलों पर निशाना
एक क्रिकेट आधारित एनिमेटेड क्लिप में पीएम मोदी को छक्का मारकर मैच जिताते दिखाया गया है। वहीं विपक्षी नेता अंपायर के फैसले पर सवाल खड़ा करते हैं।
नई दिल्ली, प्रेट्र। भाजपा ने रविवार को एनिमेशन वीडियो के माध्यम से कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और अन्य विपक्षी दलों पर निशाना साधा। खेल आधारित इन एनिमेटेड क्लिप के माध्यम से विपक्ष पर बालाकोट एयर स्ट्राइक के सुबूत मांगने का आरोप लगाने के साथ ही उनकी खंडित चुनौती के खिलाफ पीएम मोदी के अजेय रहने का दावा किया गया है।
ये वीडियो भाजपा के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं अरुण जेटली और पीयूष गोयल द्वारा जारी किए गए। इसमें क्रिकेट, शतरंज, रस्साकसी, कबड्डी और दूसरे अन्य खेलों के माध्यम से विपक्षी पार्टियों में भ्रम और मतभेद को दिखाया गया है। सभी वीडियो में पीएम मोदी को नायक की तरह पेश किया गया है, जो भ्रष्टाचार और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई सहित विभिन्न मुद्दों पर विपक्षी नेताओं को आड़े हाथ लेते हैं।
एक क्रिकेट आधारित एनिमेटेड क्लिप में पीएम मोदी को छक्का मारकर मैच जिताते दिखाया गया है। वहीं विपक्षी नेता अंपायर के फैसले पर सवाल खड़ा करते हैं और उनसे छक्के के संबंध में सुबूत मांगते हैं। अपने ट्विटर हैंडल पर वीडियो टैग करते हुए जेटली ने कहा कि जो भारतीय देश की जीत का सुबूत मांगते हैं, उन्हें फिर हराएंगे और केंद्र में एक बार फिर से मोदी सरकार बनाएंगे।
इन वीडियो पर बात करते हुए भाजपा के आइटी सेल के प्रभारी अमित मालवीय ने कहा कि इन वीडियो को जारी करने के पीछे मुख्य उद्देश्य मतदाताओं के साथ उस भाषा में संवाद करना था, जो उन्हें रोचक लगे। वीडियो को पार्टी के आधिकारिक हैंडल के अलावा विभिन्न भाजपा नेताओं द्वारा भी ट्वीट किया गया।