शांता कुमार बोले: बगीचा वही, सिर्फ माली बदला
LokSabha Election 2019 किशन कपूर सांसद बने तो उनका पीछा तब तक नहीं छोड़ूंगा जब तक शिकरीधार सीमेंट कारखाने का काम शुरू नहीं हो जाता।
चंबा, जेएनएन। जब तक सिकरीधार सीमेंट कारखाना नहीं शुरू होता तब तक सहायक सांसद के तौर पर करूंगा। अगर किशन कपूर सांसद बने तो उनका पीछा तब तक नहीं छोड़ूंगा जब तक शिकरीधार सीमेंट कारखाने का काम शुरू नहीं हो जाता। यह बात चंबा चौगान में आयोजित जनसभा के दौरान सांसद शांता कुमार ने कही। शांता ने कहा कि बगीचा वही है, सिर्फ माली बदला है। चंबा में सीमेंट प्रोजेक्ट के लिए भाजपा सरकार ने सड़क का कार्य शुरू करने की हामी भरी है।
जल्द ही सड़क का कार्य शुरू किया जाएगा। वीरभद्र सिंह ने छह बार मुख्यमंत्री रहने के बावजूद एक भी सीमेंट प्रोजेक्ट को शुरू नहीं करवाया गया। उन्होंने मंडी में आश्रय शर्मा समेत कांग्रेस में शामिल हुए सुखराम की कड़ी अलोचना की। आश्रय शर्मा के पक्ष में जनता मतदान नहीं करेंगे। दादा व पोते की चाल को जनता समझ चुकी है।
याद किए वीर जवान
भाजपा की चंबा रैली में पहुंचे राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने वीर शहीदों को भी याद किया। उन्होंने कहा कि लंबे अरसे के बाद वह देवभूमि में आए हैं। हिमाचल वीरों की भूमि है। उन्होंने पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए जवाली (कांगड़ा) के जवान तिलक राज को याद किया। कहीं देश के लिए जान देने का समय आता है तो वहां सबसे पहले हिमाचल के युवा खड़े होते हैं। यह प्रदेश चार-चार परमवीर चक्र प्राप्त करने वालों की भूमि है। मेजर सोमनाथ शर्मा, ले. कर्नल ध्यान सिंह थापा, कैप्टन विक्रम बतरा और राइफलमैन संजीव कुमार ने देश का नाम रोशन किया है।
चंबा में तीन घंटे देरी से पहुंचे अमित शाह
पठानकोट में वायु सेना की गतिविधि की वजह से भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष चंबा चौगान में करीब पौने तीन घंटे की देरी से पहुंचे। आयोजन सुबह साढ़े नौ बजे प्रस्तावित था। इसके लिए उन्होंने जनता से खेद भी जताया। इसी के चलते वह बिलासपुर भी कुछ देर से पहुंचे, लेकिन नाहन पहुंचने में उन्होंने ज्यादा देर नहीं लगाई।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप