Lok Sabha Election 2019: आज हो सकता है झारखंड के भाजपा उम्मीदवारों का फैसला
Lok Sabha Election 2019. शुक्रवार को नई दिल्ली में होने वाली भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में झारखंड के प्रत्याशियों पर निर्णय लिया जाएगा।
रांची, जेएनएन। Lok Sabha Election 2019 - लोकसभा चुनाव 2019 के लिए झारखंड की सीटों से भाजपा उम्मीदवारों का फैसला शुक्रवार को हो सकता है। नई दिल्ली में भाजपा चुनाव समिति की बैठक में इसकी घोषणा की जा सकती है। इससे पहले मंगलवार को नई दिल्ली में हुई पार्टी की बैठक में बड़े राज्यों के उम्मीदवारों पर चर्चा हुई जहां खासकर पहले और दूसरे चरण में मतदान है। बीते दिन बीजेपी ने 185 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की थी। जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक बार फिर से वाराणसी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को लालकृष्ण आडवाणी की सीट गांधीनगर से उम्मीदवार बनाया गया था । झारखंड में मतदान की शुरुआत चौथे चरण से होनी है इसलिए इस पर फैसला टाला गया थ। हालांकि सूत्रों का दावा है कि टिकट बंटवारे की एक्सरसाइज भाजपा में पूरी कर ली गई है।
प्रदेश भाजपा ने संभावित प्रत्याशियों पर रांची के साथ-साथ दिल्ली में भी काफी मंथन किया है और सूची केंद्रीय चुनाव समिति को सौंप दी है। मुख्यमंत्री रघुवर दास चुनाव से संबंधित चर्चाओं में शीर्ष नेताओं के साथ शामिल हुए थे। पार्टी सूत्रों के अनुसार भाजपा झारखंड में महागठबंधन के प्रत्याशियों का चेहरा सामने आने के बाद ही अपने पत्ते खोलने की जुगत में है। दरअसल, झारखंड में भाजपा का सीधा मुकाबला महागठबंधन से ही होगा। आमने-सामने के मुकाबले में वोटों के बंटवारे की संभावना भी कम रहती है। इसीलिए महागठबंधन को लेकर भाजपा कुछ ज्यादा ही गंभीर है। हालांकि प्रत्यक्ष तौर पर भाजपा महागठबंधन की चुनौती को नकार रही है और एनडीए के सभी 14 सीटों पर जीत का दावा भी कर रही है।