BJP Manifesto Health policy: हर जिले में मेडिकल कॉलेज खोलने का वादा, चिकित्सकों की संख्या बढ़ाएंगे
BJP Manifesto में हर जिले में मेडिकल कॉलेज खोलने और हर गरीब के घर तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का वादा किया गया है।
नई दिल्ली [ जागरण स्पेशल ]। भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव 2019 के लिए सोमवार को पार्टी मुख्यालय में घोषणा पत्र जारी कर दिया है। भाजपा ने इसे संकल्प पत्र नाम दिया है। इसमें स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण वादे किए गए हैं। बच्चों के स्वास्थ्य के लिए खासतौर पर ध्यान दिया गया है। 2024 तक हर जिले में चिकित्सा संस्थान खोलने का वादा किया है। इसके तहत टीकाकरण, पोषण और टीबी के खात्मे के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को आसानी से उपलब्ध कराने की बात कही गई है। विशेषज्ञ चिकित्सकों की संख्या को भी दोगुना करने की बात कही गई है। हर गरीब के घर तक सेवाएं देने के लिए स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने का वादा किया गया है।
भारत को चिकित्सा पर्यटन का हब बनाने का वादा
संकल्प पत्र में गरीबों के घर तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का वादा करते हुए भाजपा ने पहले से चल रही योजनाओं को और बेहतर करते हुए इन्हें आसानी से उपलब्ध कराने का वादा किया है। इलाज में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों के मूल्य निर्धारण के लिए नीति बनाने की भी बात कही है। आरोग्य डेस्क के जरिए भारत के चिकित्सा पर्यटन को शीर्ष पर ले जाने का वादा किया गया है। इसके लिए हर बड़े हवाई अड्डों पर आरोग्य डेस्क स्थापित की जाएगी।
हर जिले में मेडिकल कॉलेज खोले जाएंगे
भाजपा ने वादा किया है कि 2024 तक हर जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जाएंगे। शुरुआत में 75 ऐसे चिकित्सा संस्थानों का निर्माण किया जाएगा जो शीघ्र ही सेवाएं देना शुरू कर देंगे। 2024 तक विशेषज्ञ चिकित्सकों की संख्या को दोगुना किया जाएगा। इसके अलावा पैरामेडिकल शिक्षा में भी सुधार के लिए व्यापक रूप से काम किया जाएगा।
2025 तक टीबी खत्म करने का वादा
राष्ट्रीय पोषण मिशन को जनआंदोलन बनाकर और बेहतर करने की बात संकल्प पत्र में कही गई है। इसके अलावा आंगनबाड़ी कर्मियों की क्षमताओं को विकसित करने के लिए काम किया जाएगा। मिशन इंद्रधनुष के जरिए हर गर्भवती महिला को टीकाकरण मिलने की संपूर्ण व्यवस्था की जाएगी। 2022 तक सभी महिलाओं और बच्चों को टीकारण उपलब्ध कराने की व्यवस्था कराने का वादा किया गया है। इसके अलावा भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में 2025 तक टीबी को भारत से खत्म करने की बात कही है। इसके लिए विशेष मिशन बनाया जाएगा।