Lok Sabha Election 2019 : महागठबंधन को जिताना पाकिस्तान को जिताने जैसा : लक्ष्मण गिलुवा
Lok Sabha Election 2019. भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा ने विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि महागठबंधन को जिताना पाकिस्तान को जिताने जैसा है।
चाईबासा, जागरण संवाददाता। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और सिंहभूम लोकसभा क्षेत्र से पार्टी प्रत्याशी लक्ष्मण गिलुवा ने विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि महागठबंधन को जिताना पाकिस्तान को जिताने जैसा है, क्योंकि पाकिस्तान की तरह कांग्रेस और विपक्षी दल सीमा पार हुए एयर स्ट्राइक का सुबूत मांग रहे हैं।
गिलुवा रविवार को स्थानीय जेपी आडिटोरियम में लोकसभा चुनाव में भाजपा को विजयी बनाने को संकल्प लेने के लिए आयोजित सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि विपक्ष एक बात बोल रहा है कि पाकिस्तान पर हुए सर्जिकल स्ट्राइक में कितने आतंकी मारे गए। कांग्रेस एयर स्ट्राइक पर सबूत मांग रही है। यह सुनकर लगता है कि गठबंधन को जिताना पाकिस्तान को जिताने के बराबर है और भाजपा को जिताना लोकतंत्र को जिताने और भारत को जिताने के बराबर है। इसलिए सभी कार्यकर्ता आज इस कार्यक्रम से यह संकल्प लेकर जाएं कि हमें भारत को जिताना है और लोकतंत्र को बचाना है।
गरीबों के लिए बनी योजना धरातल पर दिख रही है : मुंडा
खूंटी से भाजपा प्रत्याशी व पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि गरीबी क्या होती है यह तो एक गरीब व्यक्ति ही बता सकता है। नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री बनते ही सबसे पहले गरीबों से जुड़ी योजनाओं को लागू किया। आज धरातल पर योजनाएं दिख भी रही है। झुग्गी-झोपड़ी में रहनेवाले लोगों को पक्का मकान सरकार ने दिया। आज लोग खुश हैं कि मोदी ने गरीबों की सुध ली है। इसी तरह गंभीर बीमारी से लडऩे वाले गरीबों को आयुष्मान भारत योजना लाकर गरीबों को जीवनदान दिया। इससे पहले गंभीर बीमारी के लोग बिना इलाज के ही मौत हो जाती थी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि नरेंद्र मोदी के हाथों को मजबूत करना है, तभी देश का भला हो सकता है। कार्यकर्ताओं को अपनी शक्ति दिखाने का समय आ गया है। वह अपनी शक्ति को समझें।
दोनों प्रत्याशियों को पार्टी कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
इससे पहले कार्यकर्ताओं ने अर्जुन मुंडा और लक्ष्मण गिलुवा का फूलों का माला पहनकर भव्य स्वागत किया। स्वागत भाषण जिलाध्यक्ष दिनेश चंद्र नंदी ने दिया। मौके पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता जेबी तुबिद, पूर्व विधायक पुत्कर हेंब्रम, गुरुचरण नायक, जवाहर लाल बानरा, अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष अशोक षाड़ंगी, भाजपा नगर अध्यक्ष विकास कुमार शर्मा, वरिष्ठ कार्यकर्ता अनूप कुमार सुल्तानियां, मो. बारिक, विजय अग्रवाल, दिलीप अग्रवाल, गोपाल प्रसाद गुप्ता, मनीष राम, हेमंत केसरी, प्रताप कटियार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।