Lok Sabha Election 2019: 5वें चरण की 4सीटों पर उतरेगी BJP के स्टार प्रचारकों की फौज
Lok Sabha Election 2019. भाजपा की आक्रामक प्रचार रणनीति के तहत अमित शाह तीन को रांची खूंटी और कोडरमा में जनसभा करेंगे। पीयूष गोयल हेमा मालिनी व भूपेंद्र यादव भी प्रचार करेंगे
रांची, राज्य ब्यूरो। Lok Sabha Election 2019 - झारखंड में दूसरे चरण के चुनाव के लिए भाजपा ने आक्रामक प्रचार की रणनीति तैयार की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोमवार को जमुआ में हुई विजय संकल्प रैली से इसका आगाज हो चुका है। दूसरे चरण का प्रचार थमने से पूर्व भाजपा के कई दिग्गज रांची, खूंटी, हजारीबाग व कोडरमा में जनसभा करेंगे।
वहीं, पांच मई को प्रधानमंत्री की चाईबासा में होने वाली रैली से दूसरे चरण के मतदान के लिए माहौल बनाया जाएगा। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह तीन मई को रांची, खूंटी व कोडरमा में भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में जनसभा करेंगे। इससे पूर्व भाजपा की स्टार प्रचारक हेमामालिनी एक मई को रांची, खिजरी और खूंटी में सभा करेंगी। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल भी एक मई को ही रांची पहुंचेंगे।
पीयूष गोयल धनबाद में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में जनसभा करने के साथ-साथ वहां के बुद्धिजीवियों के साथ बैठक भी करेंगे। देर शाम रांची में मीडिया से भी मुखातिब होंगे। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री भूपेंद्र यादव मंगलवार देर शाम रांची पहुंचेंगे। वे दो दिन झारखंड में प्रवास करेंगे और विभिन्न संसदीय क्षेत्रों का दौरा करेंगे। झारखंड भाजपा के सह प्रभारी राम विचार नेताम तो पिछले दो दिनों से झारखंड में कैंप किए हुए हैं।
15 को प्रधानमंत्री संताल में करेंगे जनसभा!
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी झारखंड में प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाने के लिए 15 मई को एक बार फिर आएंगे। वे गोड्डा या दुमका में जनसभा कर सकते हैं। हालांकि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पांच मई को चाईबासा की रैली के बाद झारखंड में उनका अधिकृत कार्यक्रम तय होगा।
छत्तीसगढ़ के भाजपाई करेंगे चुनाव संपन्न होने तक कैंप
चौथे चरण के मतदान के साथ ही छत्तीसगढ़ में चुनाव की प्रक्रिया पूरी हो गई है। छत्तीसगढ़ की टीम वहां के नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक के नेतृत्व में मंगलवार सांय 6.15 बजे रांची पहुंच रही है। कौशिक के साथ छत्तीसगढ़ के गृह निर्माण मंडल के पूर्व अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी तथा छत्तीसगढ़ के कई भाजपा विधायक और वरिष्ठ नेता रांची में चुनाव के दौरान प्रवास करेंगे। वे एक मई को धनबाद में कई स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे।
इनके अलावा केंद्रीय राज्य मंत्री विष्णु देव साय व वनौषधि पादप बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष राम प्रताप सिंह खूंटी लोकसभा क्षेत्र में प्रवास पर रहेंगे। वहीं, छत्तीसगढ़ के प्रदेश प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव व विशेष आमंत्रित सदस्य ओपी चौधरी रांची संसदीय क्षेत्र में चुनाव प्रचार की कामन संभालेंगे।
छत्तीसगढ़ के नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, प्रदेश प्रवक्ता भूपेंद्र सिंह सवन्नी, बिलासपुर भाजपा के जिलाध्यक्ष रजनीश ठाकुर, कोरबा लोकसभा प्रत्याशी ज्योतिनंद दुबे, विधायक व पूर्व मंत्री डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी, पूर्व जिला भाजपा अध्यक्ष कैलाश साहू सहित अन्य नेता धनबाद में पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार करेंगे। छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री केदार कश्यप सहित अन्य नेता 19 मई को दुमका संसदीय क्षेत्र में चुनाव प्रचार के मोर्चे पर रहेंगे।