भाजपा ने दिग्विजय सिंह को मुंहतोड़ जवाब देने वाले युवक को किया सम्मानित
कांग्रेस की एक सभा में सोमवार को मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को मुंहतोड़ जवाब देने वाले लड़के को भाजपा ने सम्मानित किया है।
भोपाल, एएनआइ। कांग्रेस की एक सभा में सोमवार को मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को मुंहतोड़ जवाब देने वाले लड़के को भाजपा ने सम्मानित किया है। लड़के का नाम अमित माली है। दिग्विजय सिंह ने पूछा था कि भाजपा ने 15 लाख देने का वादा किया था। क्या आपके खाते में पंद्रह लाख रुपये आए।
अमित माली नामक युवा ने मंच पर आकर कहा कि मोदी ने पाक के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक किया और आतंकियों को मारा था। मंगलवार को भाजपा के नेता अमित माली के घर गए और उसे सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह जैसे गलत बयानी करने वाले नेता को मुंहतोड़ जवाब देना होगा।
अमित माली ने बताया कि दिग्विजय सिंह ने कहा कि बताइये किसके खाते में 15 लाख रुपये आए तो मैंने हाथ उठाया। इसके बाद मैं मंच पर गया और मैंने उन्हें सर्जिकल स्ट्राइक के बारे में बताया था। उसके बाद मुझे मंच से उतार दिया गया था। उसके बाद किसी शख्स ने मेरे साथ बदसलूकी नहीं की।