Lok Sabha Election 2019: चारों सीटें जीत के लिए फिर मोदी का सहारा
Lok Sabha Election 2019 हमीरपुर में संसदीय क्षेत्र भाजपा कोर कमेटी की बैठक में चारों सीटें जीतने पर मंथन हुआ इस दौरान मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बनाने की शपथ भी ली गई।
हमीरपुर, रणवीर ठाकुर। Lok Sabha Election 2019 भाजपा को चारों संसदीय क्षेत्रों में जीत करने लिए फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उम्मीद है। हमीरपुर के भोटा में शुक्रवार को दिनभर बंद कमरे में हुई संसदीय क्षेत्र भाजपा कोर कमेटी की बैठक में चारों सीटें जीतने पर मंथन हुआ। दिनभर चुनाव को लेकर तर्क-वितरक होते रहे। इस दौरान चारों प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित कर मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बनाने की शपथ भी ली गई। बताया गया चारों संसदीय क्षेत्रों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की आठ रैलियां करवाने पर मुहर लगी है।
हर संसदीय क्षेत्र में दो-दो रैलियां करने का निर्णय लिया गया है। यह भी निर्णय लिया कि हर विधानसभा क्षेत्र में तीन-तीन सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इनमें महिला मोर्चा, युवा मोर्चा व अनुसूचित जाति मोर्चा के सम्मेलन शामिल हैं। इन सम्मेलनों में दो-दो हजार कार्यकर्ता भाग लेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती व सांसद अनुराग ठाकुर ने सभी पदाधिकारियों को संदेश दिया नरेंद्र मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बनाने के लिए चारों सीटों पर प्रत्याशियों की जीत के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य में जुट जाएं।
सत्ती ने कोर ग्रुप के सभी सदस्यों से आग्रह किया प्रदेश की चारों सीटें जीतने के लिए अभी से कमर कस लें। कार्यकर्ता घर-घर जाकर भाजपा की योजनाएं पहुंचाएं। हर पोलिंग बूथ पर भाजपा को बढ़त मिलनी चाहिए। इस मौके पर पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर, उद्योग मंत्री बिक्रम ठाकुर, विधायक नरेंद्र ठाकुर व कमलेश कुमारी, पूर्व विधायक बलदेव शर्मा, जिला भाजपा अध्यक्ष अनिल ठाकुर, नरेंद्र अत्री, आदर्शकांत, हमीरपुर मंडी समिति के अध्यक्ष अजय शर्मा, भोटा शहरी इकाई अध्यक्ष विनोद कतना, अश्वनी सोनी आदि उपस्थित थे।