Lok Sabha Election 2019: भाजपा चुनाव संकल्प पत्र में किसान मासिक पेंशन को शामिल कर सकती है
भाजपा की ओर से किसानों के मन की बात को भारत के मन की बात में शुमार किया जा रहा है।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव की घोषणा के साथ ही भाजपा अपने चुनावी घोषणा पत्र को अंतिम रूप देने में जुट गई है। पार्टी पहली बार देश के लोगों से उनके सुझाव मांग रही है, जिसे चुनाव संकल्प पत्र यानी घोषणा पत्र में शामिल किया जाएगा। इसी उद्देश्य से संकल्प पत्र के तैयार करने वाली कमेटी के अध्यक्ष गृहमंत्री राजनाथ सिंह के आवास पर बैठक हुई, जिसमें कमेटी के सभी सदस्यों ने हिस्सा लिया। समिति के समक्ष कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह ने देशभर के किसान प्रतिनिधियों की ओर से आये सुझावों को पेश किया।
भाजपा के संकल्प पत्र में किसानों को मासिक पेंशन देने की मांग को शामिल किया जा सकता है। यह मांग किसान प्रतिनिधियों की ओर से पेश की गई थी। कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह अपने सहयोगी मंत्रियों के साथ पिछले सप्ताह ही देशभर के किसानों के सुझावों को संकलित किया।
सिंह ने खुद उत्तरी क्षेत्र के सात राज्यों के किसान संगठनों के विभिन्न प्रतिनिधियों मुलाकात कर उनके सुझाव लिये। इन्हीं सुझावों में पीपीएफ जैसे प्रावधान के लिए कृषि मंत्रालय में एक किसान प्राविडेंट फंड की स्थापना का प्रस्ताव भी शामिल है। किसानों के साथ सरकार भी इसमें अपना योगदान देगी।
भाजपा की ओर से किसानों के मन की बात को भारत के मन की बात में शुमार किया जा रहा है। किसानों के सुझावों को प्राप्त करने और उसे संकलित कर संकल्प पत्र में शामिल करने के लिए मध्य प्रदेश के नेता शिवराज सिंह की अध्यक्षता में एक उप समिति का गठन किया गया है।