Lok Sabha Elections 2019: ओडिशा में बीजद विधायक पूर्णचंद्र नायक ने दिया इस्तीफा
Purnachandra Nayak. ओडिशा में दशपल्ला विधानसभा सीट से बीजू जनता दल विधायक पूर्णचंद्र नायक ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र दे दिया है।
जासं, भुवनेश्वर। ओडिशा में भुवनेश्वर जिले के दशपल्ला विधानसभा सीट से बीजू जनता दल (बीजद) विधायक पूर्णचंद्र नायक ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र दे दिया है। उन्होंने अपना त्यागपत्र पार्टी के मुखिया नवीन पटनायक के पास भेज दिया है।
उल्लेखनीय है कि इस बार बीजू जनता दल ने इस सीट से उनका टिकट काट कर रमेश बेहेरा को दिया है। इससे पूर्णचंद्र नाराज चल रहे थे। नायक ने पत्रकारों को इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि कुछ गिने-चुने लोगों के कारण उन्हें टिकट से बंचित किया गया है। उनके स्थान पर जिसे टिकट दिया गया है, वह भ्रष्टाचारी है।
उन्होंने कहा कि वह किसी भी हालत में भ्रष्टाचारी प्रत्याशी का साथ नहीं दे सकते। इस कारण उन्होंने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र दे दिया है। उन्होंने कहा कि वह इस बार चुनाव में लड़ेंगे। कौन सी पार्टी से वह चुनाव लड़ेंगे, इस बारे मे स्थानीय समर्थकों से चर्चा के बाद निर्णय करेंगे।