अच्छे दिन तो आए नहीं, 15 लाख मिले हों तो भाजपा को वोट दे देना : हुड्डा
पूंडरी में पूर्व सीएम और सोनीपत से कांग्रेस प्रत्याशी भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भाजपा को जमकर घेरा। उन्होंने कहा अच्छे दिन आए नहीं 15 लाख ही मिले हों तो भाजपा को वोट दें।
पानीपत, जेएनएन। पूर्व मुख्यमंत्री और सोनीपत से कांग्रेस प्रत्याशी भूपेंद्र सिंह हुड्डा पूंडरी में जनसभा को संबोधित करने पहुंचे। उन्होंने भाजपा पर कई आरोप लगाए। पूंडरी में कुरुक्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी निर्मल सिंह के पक्ष में जनसभा को संबांधित करते हुए भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा है कि भाजपा की सरकार अमीरों की सरकार है। प्रदेश की भाजपा सरकार ने पांच साल में एक भी ऐसा कार्य नहीं कराया, जिसको लेकर वे जनता के बीच जा सके। यही कारण है कि प्रदेश में भाजपा विकास के नाम पर नहीं मोदी के नाम पर वोट मांग रही है।
उन्होंने कहा कि 2014 के चुनाव में अच्छे दिनों और 15 लाख रुपये खाते में डालने का सपना दिखाकर वोट लिए थे, लेकिन न तो अच्छे दिन आए और न ही 15 लाख मिले। अगर किसी के खाते में 15 लाख आ गए हैं तोलोकसभा वह भाजपा को वोट दें।
रादौर भी गए पूर्व सीएम
इससे पहले रादौर की शहीद ऊधम सिंह धर्मशला में हुड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार ने देश के 10 बड़े पूंजीपतियों का ढाई लाख करोड़ रुपये माफ किए, लेकिन किसान का कर्ज माफ नहीं किया। सरकार पूंजीपतियों पर मेहरबान रही, जिस कारण बहुत से पूंजीपति देश का पैसा लेकर विदेश भाग गए। देश में कांग्रेस की सरकार बनी तो किसानों का पहली कलम से पूरा कर्ज माफ होगा और किसानों के लिए अलग से किसान बजट पास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने खाद, बीज, दवाओं और कृषि यंत्रों पर भारी भरकम टैक्स लगाकर देश के किसानों की कमर तोडऩे का काम किया है।