Lok Sabha Polls 2019 : टिकट के लिए दिल्ली में जमे हैं बागुन के पुत्र हिटलर
Lok Sabha Polls 2019. पूर्व सांसद बागुन सुम्बरूई के पुत्र विमल सुम्बरूई उर्फ हिटलर सिंहभूम सीट से टिकट की मांग कर रहे हैं। इसे लेकर वह पिछले कई दिनों से दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं।
चक्रधरपुर, जागरण संवाददाता। कांग्रेस के दिवंगत नेता व पूर्व सांसद बागुन सुम्बरूई के पुत्र विमल सुम्बरूई उर्फ हिटलर सिंहभूम सीट से टिकट की मांग कर रहे हैं। इसे लेकर वह पिछले कई दिनों से दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं। उनका दावा है कि मंगलवार को कांग्रेस उपाध्यक्ष प्रियंका गांधी से भेंट करने के लिए समय लिया है। वहीं बुधवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से भी मुलाकात संभव है।
बताया कि अब तक उन्होंने दिल्ली में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मोतीलाल बोरा, लोकसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकाअर्जुन खडग़े, राज्यसभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद और झारखंड प्रभारी आरपीएन सिंह आदि से मुलाकात कर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की है। उन्हेंने भरोसा है कि सिंहभूम सीट से कांग्रेस उन्हें ही उम्मीदवार बनाएगी।
परिवार के पार्टी के प्रति समर्पण की दुहाई
हिटलर ने कहा कि सिंहभूम सीट कांग्रेस की परंपरागत सीट रही है। उनका उद्देश्य इस सीट को जीतकर पार्टी की झोली में डालना है। कहा कि उनका पूरा परिवार कांग्रेस के प्रति समर्पित रहा है। ऐसे में कोई दूसरा पार्टी के प्रति वफादार कैसे हो सकता है। कहा कि जिसने राज्यसभा के चुनाव में विरोधी दल को वोट दिया, उस पर पार्टी कैसे भरोसा करेगी। हिटलर ने कहा कि दिल्ली से टिकट लेकर ही आएंगे।
टिकट की दौड़
- आज कांग्रेस उपाध्यक्ष प्रियंका गांधी और कल राहुल गांधी से होगी भेंट
- कहा- मेरा पूरा परिवार कांग्रेस के लिए समर्पित रहा है, टिकट लेकर लौटूंगा