अखिलेश के बाद डिंपल यादव ने आजम खान की जया प्रदा पर टिप्पणी को बताया छोटी बात
रामपुर से भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी जया प्रदा पर आजम खान की बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी को सांसद डिंपल यादव ने छोटी बात बताया है।
लखनऊ, जेएनएन। फिल्म अभिनेत्री, पूर्व सांसद तथा लोकसभा चुनाव 2019 में रामपुर से भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी जया प्रदा पर आजम खान की बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी को सांसद डिंपल यादव ने छोटी बात बताया है। निर्वाचन आयोग ने भले ही आजम खान के जया प्रदा पर अभद्र टिप्पणी करने पर आजम खान के प्रचार करने पर तीन दिन का प्रतिबंध लगा दिया, लेकिन डिंपल यादव को अभद्र टिप्पणी छोटी बात लगती है।
लखनऊ में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा के बागी सांसद फिल्म अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा की पत्नी पूनम सिन्हा को लखनऊ से समाजवादी पार्टी का प्रत्याशी घोषित किया है। इस दौरान अखिलेश यादव व पूनम सिन्हा के साथ कन्नौज की सांसद डिंपल यादव भी मीडिया से मुखातिब थीं। अखिलेश यादव की पत्नी तथा सांसद डिंपल यादव ने आजम खान के बयान को तूल दिए जाने पर भाजपा को घेरा और मीडिया पर सवाल खड़े किए। भले ही चुनाव ने आजम खान पर प्रतिबंध लगा दिया हो, लेकिन विवाद अभी भी जारी है, अखिलेश यादव के बाद डिंपल यादव भी आजम खान के बचाव में सामने आई हैं। उन्होंने आजम खान के बयान को छोटी बात बताया है।
उनका कहना है भाजपा के पास काम के नाम पर बताने के लिए कुछ नहीं है इसी कारण ध्यान भटकाने का काम हो रहा है। भाजपा के लोग ऐसा ही करते है। उन्होंने कहा कि जब भाजपा नेता दयाशंकर ने मायावती जी पर अश्लील बात की थी तब मीडियावालों ने कोई बात क्यों नहीं उठाई। जब प्रियंका गांधी और हमारे खिलाफ भी बोला तो बात क्यों नहीं उठाई गई। उन्होंने कहा कि जया प्रदा के साथ भी ऐसा ही हो गया है। छोटी- छोटी बातों में पडऩे की जरूरत नहीं, यह तो इलेक्शन का टाइम है, ध्यान भटकाने वाली बातों से बच कर जनता के मुद्दों पर बहस होनी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने सख्ती से मीडिया को ऐसे बयानों से बचने पर जोर दिया।
आजम का बयान गलत ढ़ंग से प्रस्तुत किया
पूर्व मंत्री आजम खान के विवादित बयान पर बचाव की मुद्रा में अखिलेश ने कहा कि उनके बयान को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है। जितना सम्मान समाजवादी पार्टी ने महिलाओं का किया है, इतना किसी भी दल ने नहीं किया। चुनाव के समय भाजपा के लोग तमाम तरह की बातें फैला रहे हैं। उन्होंने सपा शासनकाल में महिला सुरक्षा को लेकर किए गए कार्यों को भी गिनाया। अखिलेश यादव ने भी कहा कि बार बार महिला सम्मान पर पार्टी को सफाई देने की जरुरत नहीं, हमारी पार्टी ने महिलाओं को सबसे ज्यादा सम्मान दिया है, आजम खान का एक शब्द पकड़कर चर्चा की जा रही है, लेकिन समाजवादी पार्टी की तरफ से महिला सम्मन के लिए किए गए कार्यों की चर्चा नहीं हो रही।
जया प्रदा को लेकर की गई बेहद अमर्यादित टिप्पणी पर आजम खान के खिलाफ रामपुर के शाहबाद थाने में केस दर्ज किया गया। क्षेत्रीय मजिस्ट्रेट ने उनके खिलाफ थाने में तहरीर दी और मुकदमा दर्ज कराया। धारा 509 और लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 125 में केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।