Lok Sabha Polls 2019 : नाटक कर बता रहे वोट के महत्व, वोट डालने को कर रहे प्रेरित
LOk Sabha Chunav 2019. नाट्य संस्था सृष्टि ने वोटर जागरूकता का बीड़ा उठाया है। कलाकार नुक्कड़ नाटक कर लोगों को वोट का महत्व बताने के वोट डालने के लिए प्रेरित भी कर रहे हैं।
चाईबासा, जागरण संवाददाता। नाट्य संस्था सृष्टि ने मतदाता जागरूकता अभियान के तहत प्रकाश कुमार गुप्ता द्वारा लिखित व निर्देशित नुक्कड़ नाटक मौका मिला का मंचन चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन चौक, पवन चौक, सोनवा मोड़, भगत सिंह चौक, टोकलो मोड़ चौक, पंच मोड़ चौक सहित विभिन्न चौक-चौराहों पर किया।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सृष्टि के कलाकारों ने यह बताने का प्रयास किया कि हम सभी पर्व हर साल मनाते हैं। चाहे आने वाला होली हो या कोई और, लेकिन देश का सबसे बड़ा महापर्व पर्व हमें पांच साल बाद मनाने को मिलता है। यह सबसे बड़ा पर्व है। देश का हर वर्ग यानी हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई सब इसे मिलकर एकसाथ मनाते हैं। यह पर्व हमें मौका देता है मनपसंद सरकार चुनने का। लोकतंत्र की बुनियाद को मजबूत करने का। विकास के मार्ग को प्रशस्त करने का।
बूथ पर जाकर पहले करें वोट
कलाकारों ने प्रस्तुत नाटक के माध्यम से यह बताया कि जनता का वोट देश और समाज के लिए कितना महत्वपूर्ण होता है। कलाकारों ने वोटरों से बूथ पर जाकर सबसे पहले वोट डालने की अपील की। इस नाटक को अपने अभिनय से प्रकाश कुमार गुप्ता, शिवलाल शर्मा, अमन मछला, राजू मछुआ रूपेश मछुआ, बसंत कारवा और सुनीता गोप ने जीवंत बना दिया।
स्वीप कोषांग की मदद
इस नाटक की प्रस्तुति भारत निर्वाचन आयोग के स्वीप कोषांग की मदद से की गई। उल्लेखनीय है कि सिंहभूम संसदीय क्षेत्र में 12 मई को मतदान होना है। इसकी प्रशासनिक तैयारी चल रही है। प्रशासन मतदाताओं को जागरूक कर अधिक से अधिक मतदान के लिए प्रेरित कर रहा है।