आश्रय का रामस्वरूप पर निशाना: पांच साल में क्या काम किया जो रिटर्न भरने का भी समय नहीं मिला
देश में मंडी के सांसद ऐसे पहले सांसद है जिन्हें जीत के बाद ढूंढने के लिए जनता ने पुलिस स्टेशन में रपट दर्ज करवाई थी।
आनी, जेएनएन। देश में मंडी के सांसद ऐसे पहले सांसद है जिन्हें जीत के बाद ढूंढने के लिए जनता ने थाना में रपट दर्ज करवाई थी कि लापता मंडी के सांसद अगर मिल जाएं तो उन्हें सूचित किया जाए। पांच साल तक सांसद ने मंडी संसदीय क्षेत्र के विकास के लिए कुछ नहीं किया और कहते हैं कि वह जनप्रतिनिधि होने के नाते बेहद व्यस्त रहे, इसलिए चार साल की आयकर रिटर्न नहीं भर पाए। आनी में कांग्रेस प्रत्याशी आश्रय शर्मा ने भाजपा सांसद रामस्वरूप पर तीखा हमला किया।
आश्रय ने कहा कि सांसद एवं भाजपा प्रत्याशी ने पांच साल तक मंडी क्षेत्र की जनता को मुंगेरी लाल के हसीन सपने दिखा अपने हित साधने व सत्ता सुख भोगने के अलावा कुछ नहीं किया। प्रदेश में भाजपा की जयराम ठाकुर सरकार भी पिछले डेढ़ साल में कोई नई योजना केंद्र से नहीं ला पाई। मंडी संसदीय क्षेत्र में अपनी हार देख भाजपा बौखलाहट में है इसलिए भाजपा नेता अब सार्वजनिक मंचों से अभद्र भाषा का प्रयोग करने से भी गुरेज नहीं कर रहे है। उन्होंने केंद्र व प्रदेश दोनों ही सरकारों को जुमला सरकारें करार दिया है।
जो सरकारें व प्रतिनिधि अपना दायित्व न निभा सके उन्हें सत्ता में रहने का कोई अधिकार नहीं है। आश्रय ने कहा कि न तो केंद्र सरकार दो करोड़ सालाना रोजगार दे सकी और न ही देश का काला धन विदेशों से वापस ला सकी है। आश्रय ने मंगलवार को आनी हलके के शारबी, बांदल, ऊरटु, बागीपुल, अरसू, रैमु व निरमंड में प्रचार किया। इस मौके पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बुद्धि ¨सह, पूर्व प्रत्याशी परस राम, धर्मवीर धामी, गो¨वद शर्मा व लाल चंद भी उपस्थित रहे।