Lok Sabha Election 2019: परती रह गई कोडरमा की जमीन, नहीं बना आयुध कारखाना
Lok Sabha Election 2019. 90 के दशक में रक्षा मंत्रालय के द्वारा यहां आयुध फैक्ट्री का निर्माण प्रस्तावित था। इसके लिए मरकच्चो थाना क्षेत्र के देवीपुर में 500 एकड़ जमीन का चयन हुआ था।
कोडरमा, जासं। जिले के मरकच्चो प्रखंड के देवीपुर में केंद्र सरकार के द्वारा प्रस्तावित आयुद्य कारखाना राजनीतिक उदासीनता के कारण आजतक नहीं बन सका। 1990 के दशक में केंद्र सरकार के रक्षा मंत्रालय के द्वारा यहां आयुद्य फैक्ट्री का निर्माण प्रस्तावित था। इसके लिए यहां राज्य सरकार के द्वारा मरकच्चो थाना क्षेत्र के देवीपुर में 500 एकड़ जमीन का चयन किया गया था।
लेकिन वर्ष 1998 में यही प्रस्तावित कारखाना भारत सरकार के तत्कालीन रक्षामंत्री जॉर्ज फर्नांडीस अपने निर्वाचन क्षेत्र राजगीर में स्थापित कर दिए। इससे जिलेवासियों को जोरदार झटका लगा था। जिलेभर में इसे लेकर काफी आंदोलन भी हुआ था। जिलेवासियों को यह उम्मीद थी कि इससे क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। कोडरमा के तत्कालीन भाजपा सांसद रीतलाल प्रसाद वर्मा ने संसद में भी मामले को उठाया था, लेकिन परिणाम कुछ भी नहीं निकला।
विरोधी दलों भी तब भाजपा सरकार के खिलाफ मुखर होकर आवाज उठाई थी। तब सरकार के द्वारा आश्वासन दिया गया था कि कोडरमा में भी दूसरा आयुद्य कारखाना स्थापित किया जाएगा, जो आजतक पूरा नहीं हो सका। हरबार चुनाव के समय में यह मुद्दा उठता है, लेकिन चुनाव समाप्त होने के साथ ही दफन हो जाता है।