Lok Sabha Election 2019: रांची पहुंचीं अन्नपूर्णा, कहा-BJP में आने का मकसद जनसेवा
Annapurna Devi in Ranchi. अन्नपूर्णा देवी ने कहा कौन क्या बोलते हैं इस पर मुझे कुछ नहीं कहना जो निर्णय लिया बहुत सोच-समझ कर लिया है।
रांची, जासं। Lok Sabha Election 2019- लोकसभा चुनावों के ऐन पहले लालू प्रसाद यादव की बेहद करीबी और राष्ट्रीय जनता दल की प्रदेश अध्यक्ष रहीं अन्नपूर्णा देवी ने राजद को करारा झटका देकर सबको चौंका दिया है। नई दिल्ली में भाजपा में शामिल होने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से मिलकर मंगलवार को वह रांची लौट आईं। यहां अन्नपूर्णा के सैंकड़ों समर्थक अपने नेता की अगवानी को मौजूद थे।
रांची एयरपोर्ट से बाहर निकलतीं भाजपा कार्यकर्ता और पूर्व राजद प्रदेश अध्यक्ष अन्नपूर्णा देवी।
रांची एयरपोर्ट पहुंची अन्नपूर्णा देवी ने लालू प्रसाद यादव से पारिवारिक संबंध के बावजूद भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने के सवाल पर कहा कि कौन मेरे बारे में क्या बोलते हैं इस पर मुझे कुछ नहीं कहना, जो निर्णय लिया है बहुत सोच-समझ कर लिया है। बीजेपी में आने के बाद बेहतर तरीके से लोगों की सेवा कर पाऊंगी।
रांची एयरपोर्ट पर अपने समर्थकों के साथ अन्नपूर्णा देवी।
राजद का लालटेन छोड़कर भाजपा का कमल उठाने वालीं अन्नपूर्णा ने कहा कि हमने हमेशा राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के सम्मान को बनाए रखा। किसी शर्त या स्वार्थ के साथ बीजेपी में नहीं आई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के काम से प्रभावित होकर समाज-समुदाय के लिए बेहतर काम करने भारतीय जनता पार्टी में आई हूं।
रांची एयरपोर्ट पहुंचने पर अन्नपूर्णा देवी के समर्थकों ने उनका स्वागत किया ।
राजद को छोड़ भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के बाद अन्नपूर्णा देवी रांची वापस लौट आईं। वह भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर कोडरमा संसदीय सीट से लोकसभा चुनाव लड़ेंगी।