चंबा की सर्द वादियों में जोश भर गए अमित शाह
चंबा के ऐतिहासिक चौगान में विशाल जनसभाओं से भाजपा कार्याकर्ताओं में बढ़ा जोश भर गए हैं।
चंबा, सुरेश ठाकुर। चंबा-कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के तहत आने वाले चंबा विधानसभा क्षेत्र की सर्द वादियों में रविवार को गरमाहट आ गई। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने भाजपा प्रत्याशी किशन कपूर के पक्ष में हलके के ऐतिहासिक चौगान में जनसभा को संबोधित किया। चंबा हलके में लोकसभा चुनाव की घोषणा के बाद यह पहला मौका है, जब किसी बड़े नेता ने यहां पर जनसभा में उपस्थिति दर्ज करवाई। कांग्रेस की ओर से पार्टी प्रत्याशी पवन काजल ने नुक्कड़ सभाएं की हैं, जबकि कोई बड़ा नेता अभी तक हलके में नहीं आया है।
नतीजतन भाजपा की तरफ से राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कार्यकर्ताओं में जोश भरा। इस दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, विधानसभा उपाध्यक्ष हंसराज, चंबा सदर विधायक पवन नैयर, भटियात विधायक विक्रम जरियाल सहित भाजपा प्रदेश चुनाव प्रभारी तीरथ सिंह रावत भी मुख्य रूप से मौजूद रहे। दो दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के हिमाचल दौरे के बाद अब अमित शाह ने चुनाव अभियान को धार दी।
वर्तमान में चारों संसदीय सीटों पर काबिज भाजपा इन्हें किसी भी सूरत पर खोना नहीं चाहती है, लिहाजा बड़ी सधी हुई रणनीति के तहत राष्ट्रीय अध्यक्ष का दौरा तय किया गया। कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के तहत आते चंबा जिले के सिकरीधार में सीमेंट प्लांट लगाने के लिए शांता कुमार कई बार आवाज बुलंद करते रहे, लेकिन इसे अमलीजामा नहीं पहना सके। इससे चंबा के लोगों में शांता के खिलाफ कुछ नाराजगी भी थी, लिहाजा यहां भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जनसभा करवाकर लोगों को साधने का प्रयास किया।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप