Amit Shah in Sangli: भाजपा सरकार ने किया महाराष्ट्र का विकास- अमित शाह
Amit Shah in Sangli भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने महाराष्ट्र के सांगली में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि देश को मोदी जी के अलावा कोई सुरक्षित नहीं कर सकता।
सांगली, एएनआइ। महाराष्ट्र के सांगली में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि पूरब, पश्चिम, उत्तर, दक्षिण सभी जगह मैंने देश का दौरा किया, सभी जगह मोदी-मोदी ही सुनाई देता। ये जनता का संकल्प है कि 'फिर एक बार मोदी सरकार'। देश की रक्षा, सुरक्षा, संस्कृति हम सबके लिए अहम है। मोदी जी के अलावा इनको कोई सुरक्षित नहीं कर सकता।
पहले दुनिया में दो ही ऐसे देश थे जो अपने जवानों के खून का बदला लेते थे, एक अमेरिका और दूसरा इजरायल।इन देशों की सूची में तीसरा नाम भारत का दर्ज कराने का काम नरेन्द्र मोदी सरकार ने किया है।
10 साल तक देश में यूपीए की सरकार थी, अपने वोट बैंक के लिए इन्होंने देश की सुरक्षा को भी ताक पर रख दिया था। देश में आतंकी आकर जवानों का सर काटकर ले जाते थे, लेकिन तब की सरकार कुछ नहीं करती थी।
ये भी पढ़ें- PM Modi in Solapur: इतना बड़ा देश चलाना है तो मजबूत नेता होना जरूरी है- पीएम मोदी
यूपीए की सरकार ने 13वें वित्त आयोग के अंतर्गत महाराष्ट्र के विकास के लिए केवल 1 लाख 15 हजार करोड़ रुपये की धनराशि दी। जब आपने मोदी जी को पीएम बनाया, तब 14वें वित्त आयोग के अंतर्गत 4 लाख 38 हजार 760 करोड़ रुपये महाराष्ट्र के विकास के लिए दिए।
महाराष्ट्र का विकास भाजपा की सरकार ने किया है। कांग्रेस-एनसीपी के शासन में महाराष्ट्र हर क्षेत्र में पिछड़ गया था। भाजपा और शिवसेना की सरकार ने फिर से महाराष्ट्र को उसका गौरव लौटाने का काम किया है।
राहुल बाबा को आज गरीबों की याद आयी है, शरद पवार ने इतने साल शासन किया, पांच-पांच पीढ़ी तक गांधी परिवार ने देश में शासन किया लेकिन इन लोगों ने गरीबों के लिए कुछ नहीं किया।