मैं सपा और बसपा की राजनीति की पोल खोलने आया हूं : अमर सिंह
राज्यसभा सदस्य अमर सिंह ने कहा कि वह न तो भाजपा के सदस्य हैं और न ही भाजपा का प्रचार करने यहां आए हैं।
By Narendra KumarEdited By: Published: Sun, 21 Apr 2019 02:55 PM (IST)Updated: Sun, 21 Apr 2019 03:12 PM (IST)
रामपुर। राज्यसभा सदस्य अमर सिंह ने कहा कि वह न तो भाजपा के सदस्य हैं और न ही भाजपा का प्रचार करने यहां आए हैं। भाजपा ने जब जयाप्रदा को पार्टी की सदस्यता दिलाई और टिकट दिया, तब उन्हें नहीं बुलाया गया। वह तो चुनाव से दूर थे। बीमार पड़े अस्पताल में अपना इलाज करा रहे थे, लेकिन रामपुर से गठबंधन प्रत्याशी सपा नेता आजम खां बार-बार मुझे निशाना बनाते रहे। मैं यहां उनकी और सपा-बसपा की उलट-पलट की राजनीति की पोल खोलने आया हूं। वह रविवार को हाईवे स्थित एक होटल में मीडिया से बात कर रहे थे। उन्होंने बसपा सुप्रीमो मायावती, सपा के संरक्षक मुलायम सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, गठबंधन प्रत्याशी आजम खां पर निशाने साधा। उन्होंने कहा कि सपा-बसपा उलट-पलट की राजनीति कर कर रही है। ऐसी राजनीति में कुछ बदलता नहीं है। चाहे किसी की सरकार बने, बच्चों के मुंह का निवाला (मिड डे मील) के ठेके से लेकर शराब के ठेके एक ही परिवार को मिलते हैं। इसी तरह नोएडा में प्लाट भी एक ही व्यक्ति को बेचने का अधिकार होता है। यह कैसी बात है कि सरकार बदलने पर भी व्यापारी नहीं बदलते। अधिकारी नहीं बदलते। इसकी वजह सपा-बसपा का एक होना है। ये उलट-पलट की सरकारें हैं। अंदर से दोनों एक ही हैं। बीच में अपनी सुविधा से अलग हो गए और अब फिर एक हो गए। इनका मकसद एक ही है कि राष्ट्रीय दलों को केंद्र की सत्ता में नहीं आने देना है।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें