Lok Sabha Election 2019 : ये चौकीदार ही छीनेंगे उनकी चौकी : अखिलेश यादव
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा नाराज जनता दो सरकारों से हिसाब मांगेगी
कन्नौज, जेएनएन। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने नाम लिये बगैर कहा है कि ये चौकीदार ही उनकी चौकी (बैठने का स्थान या आसन) छीनेंगे। उन्होंने कहा कि चायवाला और चौकीदार अभियान से कुछ होने वाला नहीं है। देश के चौकीदार इंतजार कर रहे हैं कि उन्हें कब सरकरी नौकरी मिलेगी लेकिन अबतक उन्हें कोई लाभ नहीं मिला है। मंगलवार को कन्नौज में उन्होंने कार्यकर्ताओं से बैठक के बाद पत्रकार वार्ता की।
जनता रहे सावधान, वरना और गरीबी आने वाली है
अखिलेश यादव ने कहा कि जनता सरकार से नाराज होती है, इस बार तो दो-दो सरकारें मिल गई हैं। चुनाव में जनता दोनों से सवाल पूछेगी, आपने कौन सा विकास कार्य और कहां कराया। सरकार को हिसाब देना होगा। कहा, जनता को साजिश करने वालों से सावधान रहना होगा, इनकी सरकार फिर आई तो आगे और गरीबी आने वाली है।
ये भी पढ़ें- आजमगढ़ लोकसभा सीट : अखिलेश यादव ने क्यों चुनी पूर्वांचल की यह महत्वपूर्ण सीट, जानें
गरीबों के लिए सपा कराएगी सर्वे
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से कहा कि समाजवादियों ने हमेशा विकास कराया है। प्रदेश का लगातार विकास किया है और कन्नौज में भी लगातार काम किया है। इस बार डिंपल की जीत के अंतर के सवाल पर उन्होंने कहा कि अबकी बार जीत का अंतर बहुत होगा। पिछली बार हम सरकार में थे, बहुत सारी चीजें देख नहीं पाए थे लेकिन इस बार ऐसा नहीं होगा। कांग्रेस के किसानों को रुपये देने के दावे के सवाल पर कहा, गरीबों मदद कैसे होगी। इसके लिए समाजवादी पार्टी सर्वे कराकर मंथन करेगी, जो जल्द ही जनता के सामने होगा।
छह अप्रैल को नामांकन करेंगी डिंपल
अखिलेश यादव ने बताया कन्नौज में सपा प्रत्याश छह अप्रैल को नामांकन करेंगी। उस दिन शनिवार है और हनुमानजी का जन्मदिन। सपा सरकार में कन्नौज में कई काम हुए हैं, विकास के मामले में कोई मुकाबला नहीं कर सकता है। भाजपा ने यहां किया क्या है, सपा सरकार में सड़कें बनीं, अस्पताल बने, आलू मंडी, इत्र पार्क जैसे कई प्रोजेक्ट शुरू हुए।
उनका तो हनुमानजी करेंगे हिसाब
सेना पर हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान पर अखिलेश यादव ने कहा, उन्हें सेना के बारे में कम बात करनी चाहिए। उन्होंने तो हनुमानजी की जाति बता दी थी, हनुमानजी ही उनका हिसाब करेंगे। इसकी शुरुआत कन्नौज से होगी। चुनाव में भाजपा कितनी सीटें जीतेगी, इस सवाल पर उन्होंने कहा, इस बार गठबंधन की इतनी सीटें होंगी कि विरोधियों का घमंड चूर-चूर हो जाएगा।