कांग्रेस का तंज, 2019 में हारी तो 200 साल तक सत्ता में नहीं आएगी भाजपा
कांग्रेस नेता अहमद पटेल ने भाजपा पर तंज कसा है। उन्होंने कहा है कि भाजपा को चुनाव हारने का डर है।
नई दिल्ली, जेएनएन। कांग्रेस के दिग्गज नेता अहमद पटेल ने केंद्र सरकार पर करारा हमला बोला है। अहमद ने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के 50 साल तक शासन वाले बयान को लेकर तंज कसा है। उन्होंने सोमवार को कहा कि वे (भाजपा) 50 सालों तक देश की सत्ता पर काबिज रहना चाहते हैं, लेकिन अब उन्हें डर है कि अगर वे हारे तो 200 साल तक वापसी नहीं कर पाएंगे।
अहमद ने दावा किया कि जो लोग पहले भाजपा के 50 वर्षों तक सत्ता में बने रहने का दम भरते थे वे अब यह कहते घूम रहे हैं कि अगर वे इस बार हार गए तो 200 साल तक सत्ता में वापस नहीं आएंगे।
उन्होंने ट्वीट कर कहा, 'विपक्षी दलों का साथ आने का एक ही मकसद है कि भारत के संविधान की रक्षा की जाए। जिन लोगों ने संविधान को कमजोर किया है और इसके साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश की है, वे विपक्षी एकजुटता से बहुत ज्यादा घबराए हुए हैं।
विपक्षी एकजुटता के कारण उनका हाव-भाव बदल गया है। उनके अंदर डर साफ दिख रहा है। वे पहले कहा करते थे कि भाजपा 50 वर्षों तक सत्ता में रहेगी। वे अब कह रहे हैं कि अगर इस बार हार गए तो अगले 200 वर्षों तक सत्ता में नहीं आ सकेंगे।'
.. जब शाह बोले, 50 साल तक शासन करेगी भाजपा
बतादें कि हाल ही में महाराष्ट्र के लातूर में अमित शाह ने शक्ति केंद्र प्रमुख सम्मेलन को संबोधित करते हुए लोकसभा चुनावों की तुलना पानीपत की तीसरी लड़ाई से की थी। शाह ने कहा था कि उस लड़ाई के बाद देश 200 साल तक गुलाम रहा था। अगर हम यह चुनाव जीतते हैं तो हमारी विचारधारा अगले 50 साल तक शासन करेगी।