Move to Jagran APP

Exit Poll से झारखंड की राजनीति सदमे में, कांग्रेस को दिख रही टीवी चैनलों की साजिश

भाजपा कार्यालय में उत्साह झामुमो में शांति चुप हैं कांग्रेसी! राज्य में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीदों के बीच देश में झटकों से उबर नहीं पा रहे कांग्रेस के नेता!

By Alok ShahiEdited By: Published: Tue, 21 May 2019 09:45 AM (IST)Updated: Tue, 21 May 2019 09:46 AM (IST)
Exit Poll से झारखंड की राजनीति सदमे में, कांग्रेस को दिख रही टीवी चैनलों की साजिश
Exit Poll से झारखंड की राजनीति सदमे में, कांग्रेस को दिख रही टीवी चैनलों की साजिश

रांची, राज्य ब्यूरो। EXIT POLL - Jharkhand Exit Poll 2019 - लोकसभा चुनावों के बाद विभिन्‍न एजेंसियों की ओर से जारी किए गए एग्जिट पोल और सर्वे ने अच्‍छे-अच्‍छों की बोलती बंद कर दी है। चुनाव खत्म होने के बाद नेताओं की गतिविधियां या तो टेलीविजन के सामने आ टिकी हैं या फिर घरों में वे आराम कर रहे हैं। दफ्तरों में गतिविधियां सिर्फ भाजपा में देखने को मिल रही हैं।

loksabha election banner

सोमवार को स्वयं मुख्यमंत्री भी कार्यालय में पहुंचे और उन्होंने यहां प्रेसवार्ता भी की। कार्यालय में पूरी चहलकदमी दिखी। इसके उलट झामुमो कार्यालय में शांति छाई रही। लोग कम ही पहुंचे। कार्यकर्ता से लेकर नेता तक गायब रहे। कांग्रेस दफ्तर में भी चुप्पी का शासन रहा। बड़े नेताओं की गतिविधियां तो रही नहीं, स्थानीय स्तर पर जो नेता आए वो भी टीवी देखकर लौट गए। कांग्रेस नेताओं को राज्य में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद तो है लेकिन देश में पार्टी का हाल देखकर वे सदमे में हैं।

सबसे ज्यादा सक्रियता भाजपा कार्यालय में रही। मुख्यमंत्री संवाददाता सम्मेलन करने पहुंचे तो उनके साथ प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव भी थे और प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप वर्मा भी। कार्यालय की जिम्मेदारियों को देखने के लिए प्रदीप सिन्हा और अन्य पदाधिकारी भी कार्यालय में मौजूद थे। पूरी गहमागहमी। चर्चाओं के बीच कहां कितनी सीटें मिलेंगी आदि।

पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने घर और दफ्तर के बीच खास सक्रिय नहीं रहे। पार्टी कार्यालय में लोगों का आना नहीं के बराबर रहा। प्रवक्ता अभिषेक कुमार पिंटू ने बताया कि वे दुमका जाएंगे। कांग्रेस दफ्तर में लोग तो दिखे लेकिन नेता कम ही। जो लोग थे वे टीवी देखने में ही व्यस्त रहे। पार्टी को राज्य में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीदें हैं लेकिन देश का हाल देखकर कांग्रेसी सदमे में हैं। पार्टी की ओर से हालांकि बेहतर प्रदर्शन की दावेदारी की गई है।

टीवी चैनलों की साजिश है एग्जिट पोल
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने दावा किया है कि टीवी चैनलों ने साजिश के तहत अविश्वसनीय एग्जिट पोल प्रकाशित किया है। प्रदेश प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि इससे भले ही भाजपा को चार दिन उत्सव मनाने का मौका मिल गया लेकिन अंतत: सच्चाई सामने आएगी। इस एग्जिट पोल के अनुमान के विपरीत झारखंड समेत देशभर में कांग्रेस को अच्छी सफलता मिलेगी।

वर्ष 2004, 2009 और 2014 में एग्जिट पोल की विफलता की कई कहानियां लोगों को पता हैं। हम सभी को 23 मई 2019 का इंतजार करना होगा, जब चुनाव परिणाम आएगा। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम के बाद देश में कांग्रेस के नेतृत्व में गठबंधन की सरकार बनेगी। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता लाल किशोरनाथ शाहदेव ने मुख्यमंत्री रघुवर दास के उस दावे को भी पूरी तरह से निराधार बताया, जिसमें दास द्वारा झारखंड में 14 में से 13 लोकसभा सीटों पर भाजपा की जीत तय होने और राजमहल लोकसभा में भी कम मत से ही, लेकिन भाजपा की जीत का दावा किया गया था।

शाहदेव ने कहा कि 2014 में भाजपा ने राज्य में 14 में से 12 सीटें जीती थी, लेकिन झारखंड का चुनाव परिणाम चौंकानेवाला होगा। इस बार के लोकसभा चुनाव कांग्रेस, झारखंड मुक्ति मोर्चा, झारखंड विकास मोर्चा और राष्ट्रीय जनता दल के महागठबंधन के उम्मीदवारों को जनता का अभूतपूर्व समर्थन मिला है।

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.