Lok Sabha Election 2019: असरानी ने कहा, अंग्रेजों के जमाने से चली आ रही कांग्रेस
Lok Sabha Election 2019. सुप्रसिद्ध हास्य अभिनेता असरानी ने खलारी एवं ठाकुर गांव में जनसभा कर रांची के कांग्रेस प्रत्याशी सुबोधकांत सहाय के लिए वोट मांगा।
रांची, जेएनएन। Lok Sabha Election 2019 अपने जमाने के हास्य कलाकार असरानी ने गुरुवार को खलारी और ठाकुरगांव में चुनावी सभा की और सुबोधकांत सहाय के पक्ष में मतदान करने की अपील की। ठाकुरगांव में कहा कि भाजपा की केंद्र व राज्य सरकार विकास विरोधी है। भाजपा सरकार में किसान आत्महत्या करने को मजबूर हैं। वहीं, खलारी के एसीसी मैदान में असरानी ने अपने अंदाज में कहा, इधर-उधर कहीं मत जाओ, सभी सुबोध भैया के साथ आओ। डायलाग को आगे बढ़ाते हुए कहा 'हम अंग्रेजों के जमाने के जेलर हैं। हमारे समय से कांग्रेस पार्टी चली आ रही है।
असरानी ने कहा कि सारी पार्टियां कांग्रेस की कोख से ही जन्मीं हैं। कांग्रेस ही देश का विकास कर सकती है। असरानी ने भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि इस सरकार ने काला धन लाने का वायदा किया था, लेकिन काला धन तो भूल जाओ, सफेद धन लेकर देश से लोग भाग गए। ये नारा लगाने वाले लोग मंदिर, मस्जिद के नाम पर आपको भटकाते हैं। ठीक से सोचो तो हर घर में मंदिर है, हर घर में मस्जिद है।
वहीं आलमगीर आलम ने मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी ने ठगने का काम किया है। बंधु तिर्की ने कहा कि अगर सरकार बनती है, तो सरना कोड दिलाने का काम कांग्रेस करेगी। सुबोधकांत सहाय ने कहा कि अगर हम जीतते हैं, तो गरीबी रेखा मिटा देंगे, अस्पताल दवा सब फ्री कर देंगे। सहाय ने कहा कि इंदिरा गांधी ने कोयला खानों का राष्ट्रीयकरण कराया था और मोदी सरकार कोयला खानों को निजीकरण की ओर धकेल रही है।
चार घंटे इंतजार के बाद आया उडऩखटोला
खलारी के एसीसी मैदान में दोपहर बारह बजे से ही भीड़ जुटने लगी थी। सूचना थी कि अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा, असरानी के साथ सुबोधकांत सहाय आने वाले हैं। पुलिस से लेकर प्रशासन के लोग अपनी ड्यूटी में मुस्तैद थे। मंच से बार-बार सूचना दी जा रही थी कि बस थोड़े ही देर में हेलीकॉप्टर पहुंचने वाला है। कड़ी धूप के बावजूद अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा, असरानी को देखने सुनने लोगों ने चार घंटे इंतजार किया। अंतत: इंतजार की घडिय़ां खत्म हुईं और अपराह्न 4.20 बजे असरानी और सुबोधकांत सहाय उडऩखटोला से एसीसी मैदान में उतरे। शत्रुघ्न सिन्हा के नहीं आने से प्रशंसकों को थोड़ी निराशा हुई।