Jharkhand Lok Sabha Election 2019: 4 सीटों पर 67 उम्मीदवारों का भाग्य तय करेंगे 67 लाख मतदाता
Jharkhand Lok Sabha Election 2019. गिरिडीह धनबाद जमशेदपुर तथा सिंहभूम में रविवार को सुबह सात बजे से शाम चार बजे तक वोट डाले जाएंगे।
रांची, राज्य ब्यूरो। : Jharkhand Lok Sabha Election 2019 - लोकसभा चुनाव 2019 के छठे चरण में झारखंड की चार सीटों पर रविवार को वोट डाले जाएंगे। कोल्हान प्रक्षेत्र की दो सीटों जमशेदपुर व सिंहभूम और कोयलांचल प्रक्षेत्र की दो सीटों धनबाद व गिरिडीह में सुबह सात बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा। इन चार सीटों पर चाक-चौबंद सुरक्षा के बीच वोट डाले जाएंगे।
यहां 67 उम्मीदवारों का भाग्य 67 लाख मतदाता तय करेंगे। चार सीटों जमशेदपुर, सिंहभूम, धनबाद और गिरिडीह में 6,125 संवेदनशील, अतिसंवेदनशील बूथों पर कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह सात बजे से मतदान शुरू होगा। पोलिंग बूथों की निगरानी के लिए तीन हेलीकाॅप्टर भी तैनात होंगे। इधर किसी तरह की आकस्मिक घटना में फौरी मदद के लिए रांची में एयर एंबुलेंस भी तैनात किया गया है।
इन सीटों पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा, मंत्री चंद्र प्रकाश चौधरी और क्रिकेटर कीर्ति आजाद की प्रतिष्ठा दांव पर होगी। इधर गिरिडीह में नक्सल प्रभावित बूथों पर मतदान के लिए मतदानकर्मियों को शनिवार को ही रवाना किया गया। इन इलाकों के पोलिंग बूथों पर कड़ी सुरक्षा के बीच हेलीकाॅप्टर से पोलिंग पार्टियां भेजी गईं।
8,300 बूथों पर सुबह सात बजे से शाम चार बजे तक वोट पड़ेंगे
झारखंड के सात लोकसभा सीटों पर मतदान खत्म होने के बाद अब बारी कोल्हान और कोयलांचल के मतदाताओं की है। इन क्षेत्रों की चार लोकसभा सीटों गिरिडीह, धनबाद, जमशेदपुर तथा सिंहभूम में रविवार को 8,300 बूथों पर सुबह सात बजे से शाम चार बजे तक वोट पड़ेंगे। लगभग 67 लाख मतदाता 67 उम्मीदवारों का भाग्य तय करेंगे।
इन क्षेत्रों में कई नक्सल प्रभावित क्षेत्र होने के कारण शांतिपूर्ण व सुरक्षित मतदान संपन्न कराने के लिए चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है। चूंकि कुल मतदान केंद्रों में लगभग 74 फीसद मतदान केंद्र वलनरेबल, संवेदनशील और अतिसंवेदनशील हैं, इसलिए इस चरण में सबसे अधिक 40 हजार पुलिस बल तैनात किए गए हैं। हवा से निगरानी तथा चुनाव कर्मियों को मतदान केंद्र से वापस लाने के लिए तीन हेलीकाॅप्टर लगाए गए हैं। वहीं आपात स्थिति के लिए रांची एयरपोर्ट पर एक एयर एंबुलेंस तैनात कर दिया गया है।
इस चरण के चुनाव में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा, मंत्री चंद्रप्रकाश चौधरी, वर्तमान सांसद सह पूर्व मंत्री पीएन सिंह, सांसद विद्युत वरण महतो, पूर्व मंत्री चंपाई सोरेन, विधायक जगरनाथ महतो, प्रसिद्ध क्रिकेट खिलाड़ी कीर्ति आजाद आदि का भाग्य तय होगा। कुल दस महिला प्रत्याशियों के भाग्य का भी फैसला इस चुनाव में होगा।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप