Lok Sabha Election 2019 : 67 लाख मतदाता करेंगे 67 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला
Lok Sabha Election 2019. झारखंड की चार सीटों के लिए रविवार को होनेवाले संसदीय चुनाव में करीब 67 लाख मतदाता 67 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे।
जमशेदपुर, जागरण संवाददाता। Lok Sabha Election 2019 झारखंड की चार सीटों के लिए रविवार को होनेवाले संसदीय चुनाव में करीब 67 लाख मतदाता 67 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। जमशेदपुर, सिंहभूम, गिरिडीह और धनबाद के लिए 12 मई को वोट डाले जाएंगे।
67 लाख मतदाताओं में 35,05,565 पुरुष मतदाता हैं तो 31,79,720 महिला मतदाता। 116 थर्ड जेंडर और 18-19 आयु वर्ग के 84,338 मतदाता हैं। गिरिडीह से 15, धनबाद से 20, जमशेदपुर से 23 और सिंहभूम संसदीय सीट से महज 9 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। लगभग 40 हजार पुलिस कर्मी व पदाधिकारी सुरक्षा की कमान संभालेंगे। तीन हेलीकाप्टरों से हवा से भी निगरानी रखी जाएगी। आपात स्थिति के लिए एक एयर एंबुलेंस रांची एयरपोर्ट पर तैनात किए गए हैं।
धनबाद, जमशेदपुर में लगेगी दो-दो बैलेट यूनिट
धनबाद और जमशेदपुर में प्रत्येक बूथों पर दो-दो बैलेट यूनिट लगाई जाएगी। इन दोनों सीटों पर 15 से अधिक उम्मीदवार हैं। वहीं गिरिडीह और सिंहभूम में 15 या इससे कम उम्मीदवार होने के कारण एक-एक बैलेट यूनिट का इस्तेमाल किया जाएगा। चारों सीटों पर मतदान के लिए 8300 कंट्रोल यूनिट, 12,724 बैलेट यूनिट तथा 8,300 वीवीपैट मशीनें लगाई जाएंगी। 1,673 कंट्रोल यूनिट, 2,558 बैलेट यूनिट तथा 2,502 वीवीपैट मशीनें रिजर्व रखी गई हैं।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप