Lok Sabha Election 2019: झारखंड में अंतिम तीन चरणों में NDA-UPA के 13 उम्मीदवार करोड़पति
Lok Sabha Election 2019. लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में झारखंड की चार सीटों रांची खूंटी हजारीबाग और कोडरमा में 6 मई को वोट डाले जाएंगे।
रांची, आईएएनएस। Lok Sabha Election 2019 - झारखंड में चौथे चरण में तीन सीटों पलामू, चतरा आैर लोहरदगा में 29 अप्रैल को मतदान के बाद अब 6 मई को पांचवें चरण की चार सीटों रांची, खूंटी, हजारीबाग और कोडरमा में पर वोटिंग की तैयारी हो रही है। सभी दल के उम्मीदवारों ने चुनाव प्रचार में खुद को झोंक रखा है। ताबड़तोड़ स्टार प्रचारकों का दौरा हो रहा है। कहीं कांटे की टक्कर तो कहीं तिकोना मुकाबला की बात हो रही है। झारखंड में बचे हुए तीन चरणों के चुनाव की 11 सीटों पर भाग्य आजमा रहे उम्मीदवारों की बात करें तो इनमें 13 करोड़पति शामिल हैं। 76.91 करोड़ रुपये संपत्ति के साथ हजारीबाग के भाजपा प्रत्याशी जयंत सिन्हा सबसे अमीर हैं।
इन 13 करोड़पति उम्मीदवारों में अधिकतर भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) और झारखंड में कांग्रेसनीत संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) के हैं। हालांकि, भाजपा के प्रत्याशी सुनील सोरेन और कांग्रेस के कालीचरण मुंडा इनमें ऐसे उम्मीदवार हैं, जिनकी मिल्कियत लाख में है। इस चुनाव में सबसे दिलचस्प बात यह है कि वाम दल के उम्मीदवार भी एक करोड़ से अधिक की संपत्ति के मालिक हैं।
हजारीबाग से सीपीआई के उम्मीदवार भुवनेश्वर मेहता के पास 3.89 करोड़ रुपये की संपत्ति है, जबकि राजमहल से फॉरवर्ड ब्लॉक के उम्मीदवार नीरज हेम्ब्रम के पास 2.35 करोड़ रुपये की संपत्ति है। कोडरमा सीट से चुनाव लड़ रहे भाकपा माले के उम्मीदवार राजकुमार यादव की संपत्ति भी एक करोड़ से अधिक है।
हजारीबाग से चुनाव लड़ रहे केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री जयंत सिन्हा लोकसभा चुनावों में झारखंड में सबसे अमीर उम्मीदवार हैं। सिन्हा की संपत्ति 2014 के मुकाबले 55 करोड़ रुपये से बढ़कर 76.91 करोड़ रुपये हो गई है। सर्वाधिक धनी के मामले में दूसरे नंबर पर गोड्डा के मौजूदा लोकसभा सांसद निशिकांत दुबे हैं, जिनके पास 46.27 करोड़ रुपये की संपत्ति है ।
33.62 करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ हजारीबाग के कांग्रेस उम्मीदवार गोपाल साहू धनी प्रत्याशियों की सूची में तीसरे नंबर पर हैं। दुमका से भाजपा के उम्मीदवार सुनील सोरेन के पास 47.33 लाख रुपये की संपत्ति है। वे झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं।
सांसद के रूप में अपने नौवें कार्यकाल के लिए चुनाव लड़ रहे शिबू सोरेन के पास 7.24 करोड़ रुपये की संपत्ति है। खूंटी से कांग्रेस के उम्मीदवार कालीचरण मुंडा के पास 50.87 लाख रुपये की संपत्ति है। कालीचरण मुंडा पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा प्रत्याशी अर्जुन मुंडा के खिलाफ चुनाव मैदान में हैं। अर्जुन मुंडा के पास 8.72 करोड़ रुपये की संपत्ति है।