लोकसभा चुनाव 2019: 10 नामांकन खारिज, मैदान में फिलहाल 55 प्रत्याशी
उत्तराखंड में नामांकन पत्रों की जांच में 10 नामांकन त्रुटिपूर्ण पाए गए। जिन्हें खारिज कर दिया गया। अब मैदान में फिलहाल 55 प्रत्याशी बचे हैं।
देहरादून, राज्य ब्यूरो। प्रदेश की पांचों लोकसभा सीटों पर हुए नामांकन के बाद नामांकन पत्रों की जांच में 10 नामांकन त्रुटिपूर्ण पाए गए, जिन्हें खारिज कर दिया गया। अब मैदान में फिलहाल 55 प्रत्याशी बचे हैं। 28 मार्च को नामांकन वापसी की अंतिम तिथि के बाद सभी सीटों पर प्रत्याशियों की सही तस्वीर सामने आएगी।
प्रदेश की पांचों लोकसभा सीटों पर सोमवार को नामांकन तिथि के समाप्त होने तक 65 लोगों ने नामांकन किए थे। मंगलवार को इन नामांकन पत्रों की जांच की गई। टिहरी गढ़वाल संसदीय सीट पर 15 प्रत्याशियों ने नामांकन किया। यहां सभी प्रत्याशियों के नामांकन सही पाए गए हैं। पौड़ी गढ़वाल लोकसभा सीट में 12 प्रत्याशियों ने नामांकन किया था। यहां तीन प्रत्याशियों के नामांकन निरस्त कर दिए गए। अब यहां नौ प्रत्याशी मैदान में हैं।
अल्मोड़ा संसदीय सीट पर आठ प्रत्याशियों ने नामांकन किए थे। यहां एक नामांकन निरस्त कर दिया गया। अब इस सीट पर सात प्रत्याशी मैदान में हैं। नैनीताल संसदीय सीट पर 10 प्रत्याशियों ने नामांकन किए थे। जांच में तीन प्रत्याशियों के नामांकन अपूर्ण पाए जाने के कारण निरस्त कर दिए गए। अब यहां सात प्रत्याशी मैदान में हैं। हरिद्वार संसदीय सीट में सबसे अधिक 20 प्रत्याशियों ने नामांकन किया था। इनमें से तीन के नामांकन त्रुटिपूर्ण पाए जाने के कारण निरस्त कर दिए गए। अब यहां केवल 17 प्रत्याशी ही मैदान मे हैं।
इस तरह अब कुल 55 प्रत्याशी मैदान में रह गए हैं। अब अगले दो दिन नामांकन वापसी की प्रक्रिया चलेगी। इसके बाद ही सभी लोकसभा सीटों पर प्रत्याशियों की अंतिम स्थिति सामने आएगी।
यह भी पढ़ें: भ्रष्टाचार और घोटालों से भरा पड़ा है कांग्रेस का इतिहास: गहलोत
यह भी पढ़ें: उत्तरकाशी में माला राज्यलक्ष्मी शाह ने संपर्क कर मतदाताओं से मांगे वोट
यह भी पढ़ें: प्रीतम के नामांकन में हरीश गुट ने बनाई दूरी, गुटबाजी से नेताओं का इनकार