कर्नाटक चुनाव खत्म होने के बाद राहुल जाएंगे कैलाश मानसरोवर यात्रा पर
गुजरात चुनाव के दौरान अपनी नरम हिन्दुत्व वाली छवि को गढ़ने में जुटे राहुल गांधी अब अपनी इस मुहिम को और भी आगे बढ़ाएंगे।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। गुजरात चुनाव के दौरान अपनी नरम हिन्दुत्व वाली छवि को गढ़ने में जुटे राहुल गांधी अब अपनी इस मुहिम को और भी आगे बढ़ाएंगे। कर्नाटक चुनाव खत्म होने के बाद अब वह कैलाश मानसरोवर की यात्रा पर जाएंगे। इसका खुलासा खुद राहुल गांधी ने रविवार को जनाक्रोश रैली में किया। खास बात यह है कि कर्नाटक चुनाव में भी राहुल ने अपनी इस मुहिम को जारी रखा है। इस दौरान उन्होंने कई मंदिरों और मठों में माथा टेका और आशीर्वाद भी लिया। जो उनकी राजनीति का एक बड़ा हिस्सा है।
-गुजरात चुनाव के दौरान राहुल गांधी ने छवि बदलने की शुरू की यह पहल
-कर्नाटक चुनाव के बाद राहुल करेंगे कैलाश मानसरोवर की यात्रा
अब वह 2019 के आम चुनावों से पहले राहुल इस मुहिम को और भी बढ़ाना चाह रहे है। इसी के तहत उन्होंने अपनी कैलाश मानसरोवर यात्रा का ऐलान किया है। हालांकि इसका ऐलान भी उन्होंने जिस अंदाज में किया वह भी कम दिलचस्प नहीं है। राहुल गांधी ने बताया कि हाल ही में जब वह कर्नाटक जा रहे थे, तभी उनके हवाई जहाज में खराबी आ गई और वह अचानक आठ हजार फिट नीचे आ गया। उन्हें लगा कि उनकी गाड़ी गई? इस दौरान उन्होंने कैलाश मानसरोवर यात्रा पर जाने का स्मरण किया। अब वह जाएंगे।
कार्यकर्ताओं की नब्ज पर हाथ रखते हुए राहुल गांधी ने कहा कि इसका जिक्र वह इसलिए कर रहे है, क्योंकि वह उन्हें अपने परिवार का एक सदस्य मानते है। ऐसे में मेरी जिम्मेदारी है कि वह किसी यात्रा पर जाने से पहले सदस्यों से पूछ लें। खासबात यह है कि राहुल ने यह सारा जिक्र अपने भाषण को खत्म करने के कुछ देर बाद अचानक किया।
गौरतलब है कि राहुल गांधी के इस शिव प्रेम का जिक्र प्रधानमंत्री मोदी भी कर चुके है। उन्होंने पिछले दिनों चुटकी लेते हुए कहा था कि कुछ लोगों को आजकल बाबा भोलेनाथ ज्यादा याद आने लगे है। कैलाश मानसरोवर को भगवान शिव का निवास स्थल माना जाता है।